Mitra Shakti 2026: भारत और श्रीलंका की सेनाओं के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ श्रीलंका में जारी है। इस सैन्य अभ्यास का 12वां संस्करण 13 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक श्रीलंका के मदुरु ओया स्थित आर्मी ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। 14 दिनों तक चलने वाले इस अभ्यास में दोनों देशों की सेनाएं संयुक्त रूप से सैन्य प्रशिक्षण हासिल कर रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल, ऑपरेशनल समन्वय और युद्ध की तैयारियों को मजबूत करना है।
भारत-श्रीलंका के बीच सैन्य अभ्यास ‘मित्र शक्ति 2026’ जारी, आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन का कर रहे अभ्यास
इस अभ्यास में भारतीय सेना के 170 जवान हिस्सा ले रहे हैं। भारतीय दल में मुख्य रूप से राजपूताना राइफल्स के जवान शामिल हैं। इनके अलावा भारतीय सेना की अन्य शाखाओं और सेवाओं के सैनिकों के साथ भारतीय वायुसेना के कर्मी भी अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं। दोनों देशों की सेनाओं का फोकस संयुक्त राष्ट्र के जनादेश के तहत अर्ध-शहरी इलाकों में आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने की क्षमता विकसित करना है।
आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन पर विशेष जोर
मित्र शक्ति अभ्यास के दौरान दोनों देशों की सेनाएं कई तरह के सैन्य अभियानों का संयुक्त प्रशिक्षण ले रही हैं। इसमें शहरी इलाकों में गश्त, रोड ब्लॉक ऑपरेशन, सैन्य वाहनों के काफिले की सुरक्षा और घात लगाकर हमला करने जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
इसके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने, भीड़ को तितर-बितर करने और दुश्मन के मजबूत ठिकानों के खिलाफ संयुक्त सैन्य कार्रवाई का भी अभ्यास किया जा रहा है। इन गतिविधियों के जरिए दोनों सेनाओं के जवानों के बीच सामरिक तालमेल और ऑपरेशनल क्षमता को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
अंतिम चरण में होगा संयुक्त सैन्य प्रदर्शन
अभ्यास के अंतिम चरण में एक व्यापक वैलिडेशन एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। इसमें दोनों देशों के सैन्य दल प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई रणनीतियों, तकनीकों और सैन्य प्रक्रियाओं का संयुक्त रूप से प्रदर्शन करेंगे।
भारत और श्रीलंका के बीच ‘मित्र शक्ति’ सैन्य अभ्यास दोनों देशों के बढ़ते रक्षा सहयोग को दर्शाता है। इस अभ्यास के जरिए दोनों सेनाओं को एक-दूसरे के अनुभवों और सैन्य कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिल रहा है। साथ ही यह क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए भारत और श्रीलंका की साझा प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है।
