Ajit Doval: ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने पाकिस्तान को फिर चेताया है कि अगर उसने तनाव बढ़ाया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने विश्व में अपने समकक्ष नेताओं को इस संबंध में स्पष्ट कर दिया है। अजीत डोभाल ने बुधवार को विभिन्न देशों में अपने समकक्षों से कहा कि भारत का तनाव बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगर पाकिस्तान ऐसा करता है तो भारत दृढ़ता से जवाब देने के लिए तैयार है।
अजित डोभाल
डोभाल ने की यूएस-ब्रिटेन सहति कई देशों के एनएसए से बात
डोभाल ने अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब और जापान में अपने समकक्षों को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकी ढांचे के खिलाफ भारत के मिसाइल हमलों के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने रूस और फ्रांस से भी संपर्क स्थापित किया। एक अधिकारी ने कहा, एनएसए ने अपने समकक्षों को की गई कार्रवाई के तरीके के बारे में जानकारी दी, जो कि योजनाबद्ध और संयमित था।
कहा- भारत का इरादा तनाव बढ़ाने का नहीं
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारत का तनाव बढ़ाने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगर पाकिस्तान तनाव बढ़ाने का फैसला करता है तो वह दृढ़ता से जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह बातचीत भारत द्वारा पीओके और पाकिस्तान के 9 जगहों पर ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम देने के तुरंत बाद हुई। उन्होंने अमेरिकी एनएसए और विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ब्रिटेन के जोनाथन पॉवेल, सऊदी अरब के मुसैद अल ऐबन, यूएई के महामहिम शेख तहनून और जापान के मसाताका ओकानो से बात की।
अधिकारी ने कहा, रूसी एनएसए सर्गेई शोइगु, सीपीसी केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और पीआरसी के विदेश मंत्री वांग यी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल बोने के राजनयिक सलाहकार से भी संपर्क स्थापित किया गया। डोभाल आने वाले दिनों में अपने समकक्षों के साथ और संपर्क में रहेंगे।
