Ajit Doval News : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने बुधवार को कहा कि भारत हिंद महासागर क्षेत्र के प्रमुख देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि बदलते सुरक्षा खतरों से निपटने की सामूहिक क्षमता मजबूत की जा सके। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, डोभाल मालदीव की राजधानी माले में आयोजित आठवें कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव को संबोधित कर रहे थे। डोभाल ने क्षेत्र के सामने मौजूद गंभीर चुनौतियों का जिक्र किया और सदस्य देशों के बीच गहरे रणनीतिक सहयोग की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति और 'महासागर' (MAHASAGAR) दृष्टिकोण के संगम का प्रतिनिधित्व करता है।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल।
'ड्रग मनी' के खतरे को मिलकर रोकना होगा-डोभाल
'ड्रग मनी' के खतरे का जिक्र करते हुए एनएसए ने कहा कि हिंद महासागर के लिए यह सबसे बड़ा खतरा है और इसे मिलकर रोकना होगा। साथ ही एनएसए ने हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, स्थिरता और साझा विरासत पर जोर दिया।
सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च में मॉरीशस की यात्रा के दौरान ग्लोबल साउथ के साथ भारत के जुड़ाव के लिए MAHASAGAR विजन की घोषणा की थी। इसका पूरा नाम है 'म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन्स'। डोभाल ने भरोसा जताया कि यह कॉन्क्लेव हिंद महासागर क्षेत्र में सामूहिक सुरक्षा देने और साझा हितों की रक्षा करने वाला प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि भारत श्रीलंका, मालदीव और अन्य देशों के साथ करीबी तालमेल बनाने की कोशिश करता रहा है और चाहता है कि यह सहयोग और आगे बढ़े।
उन्होंने सदस्य देशों को आश्वस्त किया कि कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की अवधारणा शुरू करने वाले देशों में से एक होने के नाते भारत हरसंभव मदद और सहायता देगा। उन्होंने साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए भारत की पूरी प्रतिबद्धता दोहराई।
सहयोग के पांच स्तंभ
कॉन्क्लेव के तहत सहयोग पांच क्षेत्रों पर टिका है:- समुद्री सुरक्षा और संरक्षा
- आतंकवाद और कट्टरपंथ का मुकाबला
- सीमा-पार तस्करी और संगठित अपराध से निपटना
- साइबर सुरक्षा और अहम बुनियादी ढांचे की सुरक्षा
- मानवीय सहायता और आपदा राहत
क्या है कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव?
कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव हिंद महासागर के देशों का एक अहम क्षेत्रीय सुरक्षा समूह बनकर उभरा है। इसके सदस्य भारत, श्रीलंका, मालदीव, मॉरीशस, बांग्लादेश और सेशेल्स हैं। समूह का ध्यान मुख्य रूप से समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद-निरोध और सीमा-पार सुरक्षा खतरों से निपटने में सहयोग पर रहा है। इसकी स्थापना 2020 में हुई थी, जब भारत, श्रीलंका और मालदीव ने समुद्री सहयोग पर अपनी तीन-देशीय बैठक का दायरा और सदस्यता बढ़ाने पर सहमति जताई।
