Karnataka: कर्नाटक में सत्ता से सिद्दारमैया (Siddaramaiah) आउट हो चुके हैं, राज्यसभा भी जाने से मना कर चुके हैं, अब सवाल ये उठ रहा है कि आखिर सिद्दारमैया को चाहिए क्या? आज दिल्ली में सिद्दारमैया राहुल गांधी के साथ-साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मिले हैं। सिद्दारमैया के मुलाकात के बाद 4 और विधायक खरगे से मिले हैं। ऐसे में कर्नाटक की राजनीति को लेकर कई अटकलें चल रही हैं, इतना तो तय है कि सिद्दारमैया कर्नाटक छोड़ने वाले नहीं है और अपनी दमदार उपस्थिति भी चाहते हैं।
राहुल गांधी से दो टूक
सिद्दारमैया ने आज की मुलाकात के दौरान राहुल गांधी से साफ साफ कहा कि उन्होंने कहा इसलिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, लेकिन वो राज्यसभा नहीं जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक सिद्दारमैया कर्नाटक की राजनीति में दमदार भूमिका चाह रहे हैं।
- सिद्दारमैया ने राहुल गांधी को राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें सूचित किया कि उन्होंने अनुरोध के अनुसार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।
- सिद्दारमैया ने बेटे यतेंद्र सिद्धारमैया के लिए कर्नाटक कैबिनेट में जगह, अपने लोगो को मंत्रिमंडल में रखने को लेकर लिस्ट राहुल गांधी को दी है
- सिद्दारमैया ने बाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात की और कर्नाटक में नयी सरकार के गठन और पार्टी में अपनी भविष्य की भूमिका पर चर्चा की।
मीटिंग को लेकर कांग्रेस ने क्या कहा?
सिद्धरमैया और राहुल गांधी की एक घंटे लंबी बैठक के दौरान मौजूद कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ’’यह एक बहुत ही सुखद बैठक थी। उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की।’’ यह पूछे जाने पर कि क्या कर्नाटक में सत्ता का हस्तांतरण सुचारू रूप से होगा, तो उन्होंने कहा, ’’बिल्कुल। राज्य में सत्ता के सुचारू हस्तांतरण में कोई बाधा नहीं है।’’
कर्नाटक में अब आगे क्या?
उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सरकार गठन को लेकर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल के साथ अलग से चर्चा करेंगे। शिवकुमार के कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने की संभावना है। सूत्रों ने यह भी बताया कि कांग्रेस कर्नाटक में पार्टी संगठन के पुनर्गठन पर भी काम करेगी, जिस पर शुक्रवार को चर्चा होने की संभावना है। कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होने की संभावना है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
