देश

PHOTOS: हाथ मिलाया, गले लगाया... CM पद से इस्तीफा देने के बाद सिद्दारमैया ने राहुल गांधी से की मुलाकात

कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के ठीक एक दिन बाद सिद्दारमैया ने शुक्रवार सुबह दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी इस बैठक में मौजूद नहीं थीं। सिद्दारमैया ने राहुल गांधी को राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया और बताया कि आलाकमान के अनुरोध के अनुसार उन्होंने इस्तीफा दे दिया है।

Image

सिद्दारमैया ने राहुल गांधी और खरगे से की मुलाकात। ANI

Photo : ANI

कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद कांग्रेस नेता सिद्दारमैया ने शुक्रवार सुबह सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर राहुल गांधी से मुलाकात की। उनके साथ उनका बेटा यतींद्र भी था। यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सिद्दारमैया कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपने भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे। उन्होंने राज्यसभा सीट लेने से पहले ही इनकार कर दिया है।

सिद्दारमैया यह भी कह चुके हैं कि वह कर्नाटक में ही रहना चाहते हैं और पार्टी आलाकमान द्वारा सुझाई गई केंद्रीय भूमिका में उनकी रुचि नहीं है। सूत्रों के अनुसार, सिद्दारमैया ने केवल राहुल गांधी से मुलाकात की, क्योंकि सोनिया गांधी बैठक में उपस्थित नहीं थीं। सूत्रों ने बताया कि सिद्दारमैया ने राहुल गांधी को राज्य की सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें सूचित किया कि उन्होंने अनुरोध के अनुसार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है।

सिद्दारमैया ने खरगे से भी की मुलाकात

सूत्रों ने बताया कि सिद्दारमैया अपने बेटे और वफादार नेताओं के लिए नये कर्नाटक मंत्रिमंडल में पद की मांग भी कर सकते हैं जिसमें उपमुख्यमंत्री पद भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि सिद्दारमैया ने बाद में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी मुलाकात की और कर्नाटक में नयी सरकार के गठन और पार्टी में अपनी भविष्य की भूमिका पर चर्चा की। सिद्दारमैया और राहुल गांधी की एक घंटे लंबी बैठक के दौरान मौजूद कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ’’यह एक बहुत ही सुखद बैठक थी। उन्होंने कई मुद्दों पर चर्चा की।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या कर्नाटक में सत्ता का हस्तांतरण सुचारू रूप से होगा, तो उन्होंने कहा, ’’बिल्कुल। राज्य में सत्ता के सुचारू हस्तांतरण में कोई बाधा नहीं है।’’

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने सिद्धरमैया का मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया। सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार सरकार गठन को लेकर कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल के साथ अलग से चर्चा करेंगे। शिवकुमार के कर्नाटक का मुख्यमंत्री बनने की संभावना है।

सूत्रों ने यह भी बताया कि कांग्रेस कर्नाटक में पार्टी संगठन के पुनर्गठन पर भी काम करेगी, जिस पर शुक्रवार को चर्चा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए शनिवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होने की संभावना है। दो बार मुख्यमंत्री रह चुके सिद्धरमैया जनता दल (सेक्युलर) छोड़कर 2006 में कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article