वायुसेना प्रमुख AP सिंह ने 'यूनिफॉर्म में भरी आखिरी उड़ान', 42 साल बाद पहले गुरु के साथ पूरा किया फ्लाइंग करियर

IAF Chief AP Singh Last Flight: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने हैदराबाद के डुंडीगल स्थित एयर फोर्स एकेडमी में अपने पहले फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर विंग कमांडर (रिटायर्ड) वी.एस. कोचर के साथ अपनी 'यूनिफॉर्म में आखिरी उड़ान' भरी।

IAF Chief AP Singh Last Flight: भारतीय वायुसेना (IAF) के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने मंगलवार को हैदराबाद के पास डुंडीगल स्थित एयर फोर्स एकेडमी (AFA) में 'एचजीटी-16 किरण' ट्रेनर एयरक्राफ्ट में "यूनिफॉर्म में अपनी आखिरी उड़ान" पूरी की। इस महीने के अंत में अपनी सेवानिवृत्ति से ठीक कुछ दिन पहले भरी गई यह उड़ान बेहद भावुक और ऐतिहासिक रही, जिसने उनके चार दशक से अधिक लंबे गौरवशाली फ्लाइंग करियर का एक पूरा चक्कर पूरा कर दिया।

IAF Chief AP Singh Final Sortie

जिस विमान से शुरू किया करियर उसी से भरी आखिरी उड़ान (चित्र साभार: IAF Via ANI)

जहां से शुरू किया, वहीं किया खत्म

यह 55 मिनट की उड़ान इसलिए भी बेहद खास और यादगार बन गई क्योंकि एयर चीफ मार्शल ने इसे अपने पहले फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर विंग कमांडर (रिटायर्ड) वी.एस. कोचर के साथ 'टैल नंबर U 707' वाले किरण विमान में पूरा किया। एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने 28 जनवरी 1984 को इसी एयर फोर्स एकेडमी से और इसी विमान के जरिए अपनी सबसे पहली उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद उन्होंने कहा कि मैंने अपनी वायुसेना यात्रा उसी बेसिक विमान से शुरू की थी। मुझे लगता है कि मैं संभवतः पहला ऐसा चीफ हूं जो उसी बेसिक ट्रेनर विमान से रिटायर हो रहा है, जिसे उसने अपने शुरुआती दिनों में उड़ाया था और जो आज भी सेवा में है। मैं अपने इंस्ट्रक्टर कोचर सर का बहुत शुक्रगुजार हूं जिन्होंने मुझे इसी जगह पर उड़ना सिखाया था। इसलिए, मैं बस चाहता था कि यह सर्कल पूरा हो जाए।

End of Feed