Nishant Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने ईद की शुभकामनाएं दी हैं। पटना में निशांत कुमार ने कहा कि 'ईद के इस पावन अवसर पर अपने पिता जी की तरफ से मैं देशवासियों को शुभकामनाएं और बधाई देता हूं। अल्लाह की बरकत हम सभी भारतवासियों पर बनी रहे।'पटना के गांधी मैदान में शुक्रवार सुबह ईद उल फितर की नमाज पढ़ी गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निशांत भी पहुंचे।
पटना के गांधी मैदान में निशांत कुमार।
पीएम ने ईद, नवरोज की दी बधाई
देश भर में ईद आज धूमधाम एवं हर्षोल्लास से मनाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को ईद उल फितर की शुभकामनाएं दी हैं। X पर अपने पोस्ट में पीएम ने कहा कि 'ईद उल फितर की शुभकामनाएं। यह त्योहार चारो तरफ भाईचारा एवं इंसानियत लेकर आए। सभी लोग सुखी और समृद्ध हों। ईद मुबारक!'
प्रधानमंत्री ने नवरोज की भी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा, 'ईश्वर से प्रार्थना है कि यह वर्ष समृद्धि और खुशियों से भरा हो। सभी स्वस्थ रहें और सभी की आकांक्षाएं पूरी हों। नवरोज मुबारक!
ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को ईद-उल-फितर की पूर्व संध्या पर लोगों को बधाई दी और सभी से समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति के बाद मनाया जाने वाला यह त्योहार, आत्म-संयम, दान और वंचितों के प्रति करुणा का संदेश देता है। मुर्मू ने कहा कि यह प्रेम, भाईचारे, शांति और आपसी सौहार्द का संदेश भी देता है।
'हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं'
राष्ट्रपति ने कहा, 'यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि हमें सभी व्यक्तियों के कल्याण के लिए प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर, आइए हम जरूरतमंदों की सहायता करने, समाज में एकता और सौहार्द को बढ़ावा देने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लें।’राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा, 'ईद-उल-फितर के शुभ अवसर पर, मैं सभी देशवासियों को, विशेष रूप से भारत और विदेशों में रहने वाले मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई देती हूं।’
