ऑल इंडिया जस्टिस पार्टी (AJUP) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने सीएम सुवेंदु अधिकारी को लेकर विवादित बयान दिया है। कबीर ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सीएम सुवेंदु अधिकारी को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि जब ममता बनर्जी ने उन्हें पार्टी से निष्कासित किया था, तब उन्होंने अल्लाह से दुआ की थी कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री पद हार जाएं और जल्द पूर्व मुख्यमंत्री बन जाएं। कबीर ने कहा कि उनकी यह दुआ पूरी हुई।
हुमायूं कबीर का विवादित बयान, सुवेंदु अधिकारी पर साधा निशाना।
सुवेंदु अधिकारी को लेकर की आपत्तिजनक टिप्पणी
कबीर ने सुवेंदु अधिकारी को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वह अल्लाह से दुआ करेंगे कि सुवेंदु अधिकारी को 'पृथ्वी से ही हटा दे' और उनकी टिकट भी कट जाए। उन्होंने कहा कि किसी में इतना अहंकार अच्छा नहीं है।
बीजेपी के नेताओं का जिक्र कर साधा निशाना
अपने बयान में कबीर ने बीजेपी में नेताओं के पद बदलने का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी में कई मुख्यमंत्रियों को उपमुख्यमंत्री बनाया गया और कई मुख्यमंत्रियों को पद से हटाया गया। उन्होंने दावा किया कि सुवेंदु अधिकारी का अहंकार भी किसी दिन टूटेगा।
कबीर ने अपने बयान में कई राजनीतिक नेताओं की मौत का जिक्र करते हुए सुवेंदु अधिकारी के लिए भी उसी तरह की मृत्यु की कामना करने की बात कही। उन्होंने इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि सभी को एक दिन जाना है। उनके मुताबिक कोई पहले जाएगा और कोई बाद में, लेकिन हर व्यक्ति को एक दिन जाना होगा।
