कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'Belonging: A Journey of Love' में उस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद का त्याग कर, डॉ. मनमोहन सिंह को कुर्सी दे दी थी। 2004 में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने तब सोनिया गांधी पर बहुत दबाव बनाया था, जिसके बाद वो कुछ समय के पशोपेश में भी पड़ गईं थीं, लेकिन बाद में खुद को बच्चों से किए गए वादे के अनुसार पीएम न बनने का फैसला लिया।
सोनिया गांधी मनमोहन सिंह (फाइल फोटो- PTI)
राहुल-प्रियंका क्यों नहीं चाहते थे पीएम बने सोनिया गांधी?
किताब में सोनिया गांधी ने बताया है कि प्रधानमंत्री बनने को लेकर उन्होंने अपने बच्चों राहुल और प्रियंका गांधी से पहले ही चर्चा कर ली थी। दोनों बच्चे नहीं चाहते थे कि वह प्रधानमंत्री बनें। इसकी वजह उनकी दादी इंदिरा गांधी की हत्या और पिता राजीव गांधी की निर्मम हत्या से जुड़ा परिवार का दर्दनाक अनुभव था। उन्हें लगता था कि प्रधानमंत्री पद पर बैठने से उनकी मां की सुरक्षा को लेकर खतरा और बढ़ सकता है।
चुनाव के दौरान क्यों पीएम पद के लिए मना नहीं की थी सोनिया ने?
सोनिया गांधी के मुताबिक, उन्होंने बच्चों से साफ कह दिया था कि वह प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहतीं। हालांकि, चुनाव के दौरान जब भी उनसे इस बारे में सवाल पूछा गया, उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उनका कहना है कि उस वक्त कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही थी और वह पार्टी को एकजुट रखना चाहती थीं। वह नहीं चाहती थीं कि प्रधानमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर नेतृत्व की खींचतान शुरू हो।
गठबंधन के नेताओं ने बनाया था प्रधानमंत्री बनने का दबाव
सोनिया गांधी ने लिखा है कि चुनाव नतीजों के बाद गठबंधन के नेताओं के साथ उनके आवास पर बैठक तय हुई। नेताओं ने उनके सहयोगियों को भरोसा दिलाया था कि वे सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनने के लिए मना लेंगे। बैठक में करीब एक घंटे तक गठबंधन के नेता बारी-बारी से उन्हें प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने के लिए मनाते रहे। सोनिया गांधी ने बताया कि जब उन्होंने अपनी बात रखने की कोशिश की तो नेता उनके पास आकर खड़े हो गए और उन पर फैसला बदलने का दबाव बनाने लगे।
एक नेता ने कहा कि वे उनके फैसले को स्वीकार नहीं करेंगे, जबकि दूसरे ने कहा कि वह ऐसा फैसला नहीं ले सकतीं। सोनिया गांधी के मुताबिक, वह उस समय दबाव में आ गईं और उनके मुंह से धीमी आवाज में 'ठीक है' निकल गया। नेताओं ने उनकी बात पूरी सुने बिना ही उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया और यह मान लिया कि उन्होंने प्रधानमंत्री बनने की सहमति दे दी है।
प्रियंका ने राहुल को बताया- मां पर बनाया जा रहा दबाव
सोनिया गांधी ने किताब में बताया है कि उस बैठक के दौरान प्रियंका गांधी कमरे की खिड़की के बाहर खड़ी थीं और पूरी बातचीत सुन रही थीं। जब उन्होंने देखा कि गठबंधन के नेता सोनिया गांधी पर दबाव बना रहे हैं, तो वह रोते हुए राहुल गांधी के पास पहुंचीं। प्रियंका ने राहुल को बताया कि मां ने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां कर दी है और नेता उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबाव बना रहे हैं।इसके बाद राहुल और प्रियंका दोनों सोनिया गांधी के पास पहुंचे। राहुल ने नाराजगी जताते हुए पूछा कि क्या उन्होंने प्रधानमंत्री बनने के लिए हां कर दी है। सोनिया गांधी ने जवाब दिया कि नेता उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे और उन पर दबाव बनाया जा रहा था। इस पर राहुल ने कहा कि अगर उन पर दबाव बनाया जा रहा है तो उनके परिवार पर क्या बीत रही है। वहीं, प्रियंका ने मां से कहा कि वह अपने फैसले पर कायम रहें और किसी के दबाव में न आएं। दोनों बच्चे उनके साथ हैं और इस स्थिति को संभालने में मदद करेंगे।
विदेशी मूल का मुद्दा उठाकर देश में अशांति फैलाने का था डर
सोनिया गांधी ने लिखा है कि उन्हें लग रहा था कि उनके फैसले का असर सिर्फ कांग्रेस पर नहीं, बल्कि पूरे देश पर पड़ेगा। उनका मानना था कि भारत को मजबूत और सक्षम सरकार की जरूरत थी, जो देश को विभाजनकारी राजनीति से दूर रख सके और विकास की दिशा में आगे बढ़ाए।
उन्होंने लिखा कि अगर वह प्रधानमंत्री बनतीं तो BJP और उसके सहयोगी दल उनके विदेशी मूल के मुद्दे को फिर उठाते। इससे भावनाएं भड़काई जातीं और देश में ऐसा राजनीतिक माहौल बनता, जिसमें विकास और दूसरे जरूरी मुद्दे पीछे छूट जाते। सोनिया गांधी ने लिखा कि जिस देश ने उन्हें अपनाया, दुख की घड़ी में सहारा दिया और अपने लोगों की तरह प्यार दिया, वह उस देश को किसी ऐसी स्थिति में नहीं डालना चाहती थीं, जिससे उसे नुकसान पहुंचे।
रातभर खुद से करती रहीं सवाल, फिर लिया फैसला
सोनिया गांधी ने उस रात का जिक्र करते हुए लिखा है कि वह अपने कमरे में जाकर राजीव गांधी की तरफ वाले बिस्तर पर लेट गईं। उनके मन में लगातार दो विचार चल रहे थे। एक तरफ उन्हें लग रहा था कि इटली में जन्मी और पली-बढ़ी महिला का एक अरब से ज्यादा आबादी वाले देश का प्रधानमंत्री बनना एक बड़ा फैसला है। दूसरी तरफ उन्हें महसूस हो रहा था कि भारत ने उन्हें अपनाया है और यहां के लोगों ने मुश्किल समय में उन्हें सहारा दिया है, इसलिए उनकी भी देश के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, " मेरे मन से संदेह का आखिरी अंश भी अचानक दूर हो गया। मुझे लगा जैसे मैं खुद से कह रही हूं, “सोनिया, अपने प्रति ईमानदार रहो। तुम हमेशा से यह जानती रही हो। बस, इसे छोड़ दो!”
जब राहुल गांधी को बताया- नहीं बन रही पीएम
उन्होंने लिखा कि भावनाओं और विचारों के बीच जूझते हुए आखिरकार उनकी अंतरात्मा ने उन्हें अपने फैसले पर कायम रहने का संकेत दिया। कुछ घंटे बाद वह उठीं और राहुल गांधी के कमरे में जाकर कहा कि उन्होंने फैसला कर लिया है और वह प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगी। राहुल ने उन्हें गले लगाते हुए कहा कि यह सही फैसला है। इसके बाद सोनिया गांधी को पहली बार सुकून महसूस हुआ।
कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में फिर हुआ मनाने का प्रयास
सोनिया गांधी ने लिखा है कि कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में पहुंचने पर सांसदों ने खड़े होकर तालियों से उनका स्वागत किया। उन्हें उम्मीद थी कि वह अपना भाषण पढ़ेंगी और डॉ. मनमोहन सिंह का नाम प्रधानमंत्री पद के लिए प्रस्तावित कर देंगी। लेकिन बैठक में एक के बाद एक नेताओं ने भाषण देकर उनसे प्रधानमंत्री पद स्वीकार करने की अपील की।
जब सोनिया गांधी भाषण देने के लिए मंच पर पहुंचीं तो उन्होंने साफ कहा कि राजनीति में आने के पिछले छह वर्षों के दौरान एक बात हमेशा स्पष्ट रही है कि प्रधानमंत्री पद उनका लक्ष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि आज उनकी अंतरात्मा उन्हें यह पद विनम्रता से अस्वीकार करने के लिए कह रही है।
भावुक हो गए थे कुछ नेता
उनके इतना कहते ही बैठक में हंगामा शुरू हो गया। कई सांसद अपनी सीटों से उठकर मंच के पास पहुंच गए और 'नहीं-नहीं' कहकर विरोध करने लगे। कुछ नेता भावुक होकर रोने लगे। सोनिया गांधी ने लिखा कि वह घबरा गईं और उन्हें सांस लेने में भी परेशानी महसूस होने लगी। इसके बाद एक सहयोगी उन्हें कुछ देर के लिए सदन से बाहर ले गया।
सोनिया ने कहा- सत्ता और पद कभी मेरा लक्ष्य नहीं रहे
कुछ देर बाद सोनिया गांधी फिर मंच पर लौटीं और अपना भाषण पूरा किया। उन्होंने सांसदों से कहा कि उन्होंने सर्वसम्मति से उन्हें अपना नेता चुना है और उन पर भरोसा जताया है, लेकिन वह अपने सिद्धांतों पर कायम रहेंगी। सत्ता और पद कभी उनका लक्ष्य नहीं रहे। उनका उद्देश्य देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप और गरीबों के हितों की रक्षा करना है, जो इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के सिद्धांतों का भी हिस्सा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश को इस समय एक मजबूत और स्थिर धर्मनिरपेक्ष सरकार की जरूरत है। वह कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के सिद्धांतों, विचारों और आदर्शों के लिए संघर्ष जारी रखेंगी। इसके बाद उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम कांग्रेस संसदीय दल के नेता के तौर पर प्रस्तावित किया। सांसदों ने तालियों और नारों के साथ इस फैसले का स्वागत किया। सोनिया गांधी के मुताबिक, इसके साथ ही उनके लिए वह पूरा घटनाक्रम समाप्त हुआ और उन्होंने राहत महसूस की।
किताब में सोनिया गांधी ने इस फैसले को अपने जीवन के सबसे निर्णायक क्षणों में से एक बताया है।
