मुंबई, 27 नवंबर: डिलिमिटेशन बिल को लेकर हर घंटे कुछ न कुछ नया दावा हो रहा है। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने अब एक नया दावा करते हुए सनसनी मचा दी है। संजय राउत ने दावा किया है कि डिलिमिटेशन बिल को पास कराने के लिए सांसदों को खरीदा जा रहा है। इसके लिए 150 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं। संजय राउत ने इसे सपोर्ट करने वाले सांसदों और पार्टियों पर भी बड़ा हमला बोला है।
शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत (फोटो- @rautsanjay61)
ये भी पढ़ें- 'सभी सांसद 29 नवंबर को सुबह 10 बजे तक दिल्ली पहुंचें', संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस का आदेश
'आंध्र प्रदेश और झारखंड के दो सांसद एजेंट'
सांसद संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना से भी संपर्क किया गया था, लेकिन उद्धव ठाकरे इस बिल के विरोध में हैं। आंध्र प्रदेश और झारखंड के दो सांसद एजेंट बनकर घूम रहे हैं। सांसदों को खरीदने के लिए 150 करोड़ रुपये की बोली लगाई जा रही है। राउत ने आरोप लगाया कि सरकार ने हॉर्स ट्रेडिंग एक्सचेंज खोल रखा है। यह 2029 चुनाव कि तैयारी है।
सपोर्ट करने वाले को बताया गद्दार
उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी इस बिल का विरोध करेगी। जो भी सांसद इस बिल का समर्थन करेंगे, उन्हें देश की जनता गद्दार के रूप में याद रखेगी। यह डिलिमिटेशन बिल देश विरोधी और राष्ट्र विरोधी है। हम इसके खिलाफ हैं। राउत ने कहा, "आज शिवसेना चीफ बालासाहेब ठाकरे हमारे बीच नहीं हैं, शरद पवार बीमार हैं और लड़ने या फैसले लेने की हालत में नहीं हैं, वरना देश विरोधी डिलिमिटेशन बिल इतने खराब तरीके से पार्लियामेंट में लाने की हिम्मत कभी नहीं कर पाता।"
21वीं सदी का सबसे बड़ा गद्दार कौन?
संजय राउत ने आगे कहा कि डिलिमिटेशन इस देश के लोगों से उनकी ताकत छीनने की BJP की साजिश है। जो कोई भी इसका सपोर्ट करेगा, वह इस देश के लोगों के साथ धोखा कर रहा है... उन्हें 21वीं सदी का सबसे बड़ा गद्दार कहा जाएगा! इसलिए, हर देशभक्त, डेमोक्रेटिक पार्टी को पार्लियामेंट में डिलिमिटेशन को रिजेक्ट कर देना चाहिए।”
