असम में इस साल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अपनी तैयारियों के क्रम में पीएम मोदी के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी असम का दौरा करने वाले हैं। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 फरवरी को असम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। उनका दौरा बराक घाटी के कछार जिले के सिलचर से शुरू होगा। इस दौरान वे राज्य में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
अमित शाह (Image Source: PTI)
'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम'के तहत करेंगे योजना की शुरुआत
अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान अमित शाह सिलचर में 'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम'(VVP) के दूसरे चरण के तहत एक योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे अगले दिन गुवाहाटी पहुंचेंगे,जहां वे सीआरपीएफ के वार्षिक दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। परेड के दौरान सीआरपीएफ की ओर से हथियारों का प्रदर्शन और छत्तीसगढ़ तथा कश्मीर में किए गए अभियानों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
असम में सीआरपीएफ भर्ती केंद्र खोलने की योजना
असम सीएम ने यह भी कहा कि एनसीसी कैडेट्स को परेड देखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा,ताकि वे अर्धसैनिक बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने बताया कि असम पुलिस में नौकरियों के लिए युवा बड़ी संख्या में आवेदन करते हैं, लेकिन सीआरपीएफ में कम रुचि दिखाते हैं। इसे देखते हुए राज्य में सीआरपीएफ भर्ती केंद्र खोलने की योजना बनाई गई है। इसके लिए धेमाजी जिले में जमीन भी अधिग्रहित कर ली गई है।
बीते दिन पीएम मोदी ने किया था असम का दौरा
गौरतलब है कि असम में इस साल विधानसभा चुनाव होना है, जिसमें अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में भाजपा अपनी तैयारियों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी लिए एक के बाद एक उसके शीर्ष नेता पूर्वोत्तर के इस राज्य का दौरा कर रहे हैं। बीते दिन पीएम मोदी ने भी असम का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने वहां इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी और कुमार भास्कर सेतु का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने कई अन्य योजनाओं की भी सौगात राज्य को दी।वहीं गृह मंत्री शाह ने भी इससे पहले 30 जनवरी को असम का दौरा किया था। राज्य में हालिया विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनका यह संभावित दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
