Himachal Pradesh Chamba Ramleela: हिमाचल प्रदेश के चंबा में श्री रामलीला के मंचन के दौरान कलाकार अमरेश महाजन की हृदय गति रुकने से मौत हो गई। 73 वर्षीय अमरेश 40 वर्षों से रामलीला में दशरथ और रावण की भूमिका निभा रहे थे, जहां अब दशरथ दरबार के मंचन के दौरान वे अचानक गिर पड़े। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अमरेश महाजन उर्फ शिबू निवासी मोहल्ला मुगला के तौर पर हुई है।
हिमाचल के चंबा में दशरथ बने कलाकार को आया हार्ट अटैक
श्री रामलीला के मंचन का था दूसरा दिन
यह घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है, जिस समय उन्हें हार्ट अटैक आया उस वक्त वह दशरथ की भूमिका निभा रहे थे। जानकारी के अनुसार मंगलवार को श्री रामलीला के मंचन का दूसरा दिन था, जब दशरथ दरबार का मंचन किया जा रहा था तो अचानक अमरेश महाजन बेसुध होकर गिर पड़े, इस दौरान वहां मौजूद कलाकारों ने हरकत में आते हुए उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठे तो तुरंत उन्हें चंबा के नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आखिरी शब्द थे ये
महाजन को एक सीन करते समय मंच पर ही दिल का दौरा पड़ा और वह गिर गए। वह उस समय ऋषि विश्वामित्र से बात कर रहे थे। इस दौरान दशरथ ने मुस्कुराते हुए कहा, 'मैं आपके लिए अपनी जान भी दे सकता हूं' और फिर उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। बता दें कि चंबा के चौगान मैदान में मंगलवार रात करीब 1:30 बजे रामलीला का मंचन हो रहा था।
