Cyclone Biparjoy News : समुद्री चक्रवात बिपरजॉय जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है। गुजरात के तटीय इलाकों को खाली कराया जा रहा है। कच्छ में तूफान के चलते हजारों ट्रक फंस गए हैं और कंडला पोर्ट को बंद कर दिया गया है। कच्छ के तटीय इलाकों में धारा 144 लागू की गई है और निचले इलाकों से लोगों को निकालकर सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। यहां शेल्टर होम बनाए जा रहे हैं। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। कुछ टीमों को स्टैंड बॉय मोड पर रखा गया है। सरकार की पूरी कोशिश है कि चक्रवात से कम से कम स्तर पर जान-माल का नुकसान हो।
विकराल रूप धारण कर सकता है चक्रवात
चक्रवात की असर देश के पश्चिमी तट पर दिखने लगा है। मुंबई, रत्नागिरी, दमन दीव, कच्छ, द्वारका और वलसाड के समुद्र में ज्वार दस्तक दे चुका है और यहां बड़ी-बड़ी लहरें उठ रही हैं। बदलते मौसम को देखने के बाद इस बात की आशंका है कि 15 जून को चक्रवात विकराल रूप धारण कर सकता है। कच्छ, पोरबंदर, देवभूमि द्वारका, जामनगर, जूनागढ़ और मोरबी तटीय जिलों के प्राधिकारियों ने तटरेखा के निकट रह रहे लोगों को किसी सुरक्षित जगह ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि तट से 10 किलोमीटर के इलाके में रह रहे हजारों लोगों को मंगलवार से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जाएगा।
सौराष्ट्र और कच्छ से गुजरेगा 'बिपरजॉय'
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘वीएससीएस (बहुत प्रचंड चक्रवाती तूफान) बिपारजॉय 13 जून, 2023 को भारतीय समयानुसार देर रात ढाई बजे (सोमवार को आधी रात के बाद) पूर्वोत्तर और आस-पास के पूर्वी मध्य अरब सागर में पोरबंदर से लगभग 290 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम और जखाऊ बंदरगाह से 360 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में केंद्रित था। यह 15 जून की शाम तक वीएससीएस के रूप में जखाऊ बंदरगाह के पास सौराष्ट्र और कच्छ से गुजरेगा।’
130 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विज्ञान विभाग ने 15 जून को कच्छ, देवभूमि द्वारका और जामनगर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है।उसने बताया कि 12 जून से 16 जून तक चक्रवात के प्रभाव के कारण तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने सतर्क किया कि 15 जून की सुबह से 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
सौराष्ट्र एवं कच्छ के लिए ऑरेंज अलर्ट
चक्रवात के प्रभाव का आंकलन कर मौसम विभाग ने मंगलवार को सौराष्ट्र एवं कच्छ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया। अत्यंत गंभीर चक्रवात का रूप धारण कर चुका 'बिपरजॉय' 15 जून के शाम गुजरात के जखाऊ पोर्ट पर पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। मौसम विभाग इस चक्रवात पर करीबी नजर बनाए हुए है। विभाग की कहना है कि तट से टकराते समय इस चक्रवात की रफ्तार 130 किलोमीटर प्रतिघंटे हो सकती है। चक्रवात यदि इस रफ्तार से तट से टकराता है तो तटीय इलाकों में भारी तबाही हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में तैयारियों का जायजा लिया।
