LIVE

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 Updates: पुलिस ने कहा-नूंह में स्थितियां सामान्य होने पर प्रतिबंधों को हटा लेंगे

Haryana Nuh Shobha Yatra
Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 Updates: पुलिस ने कहा-नूंह में स्थितियां सामान्य होने पर प्रतिबंधों को हटा लेंगे

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023: हरियाणा के नूंह में जलाभिषेक यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। प्रशासन से इजाजत न मिलने के बावजूद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अपनी 'ब्रज मंडल शोभा यात्रा' निकालने पर पड़ा रहा। नूंह में प्रशासन ने वीएचपी के 11 लोगों को नलहड़ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने की अनुमति शर्तों के साथ दी है। वीएचपी का कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से 11 लोग शोभायात्रा में शामिल होंगे। नूंह में धारा 144 लागू है। नूंह के नलहड़ शिव मंदिर के 1.5 किलोमीटर क्षेत्र तक भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया ह। इसी मंदिर पर शोभायात्रा के दौरान 31 जुलाई को हिंसा फैली थी। आज यहां सिर्फ स्थानीय लोगों को ID देखकर एंट्री दी जा रही है।

AUG 28, 2023 14:05 IST

हम सभी प्रतिबंधों को हटा लेंगे-पुलिस

हरियाणा की एडीजी (कानून-व्यवस्था) ममता सिंह ने कहा है कि नूंह इलाके में स्थिति सामान्य है। इलाके में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। इंटरनेट सेवाएं भी सस्पेंड हैं। इलाके में सबकुछ सामान्य होने पर हम सभी प्रतिबंधों को हटा लेंगे।
AUG 28, 2023 13:30 IST

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE Updates: VHP अध्यक्ष ने जताई नाराजगी

सावन के आखिरी सोमवार के मौके पर जलाभिषेक के लिए हिंदू संगठन का डेलिगेशन नल्हाड़ महादेव मंदिर पहुंच गया है। वहीं वीएचपी के अध्यक्ष आलोक कुमार भी मंदिर के लिए रवाना हुए हैं। इस दौरान पुलिसबल टोल प्लाजा पर सभी वाहनों की चेकिंग भी कर रही है। जिसे लेकर आलोक कुमार ने नाराजगी जाहिर की है।
AUG 28, 2023 13:00 IST

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE : हिरासत में बजरंग दल के 24 कार्यकर्ता

नूंह में होने वाली ब्रज मंडल यात्रा में शामिल होने जा रहे बजरंग दल कार्यकर्ताओं को बहादुरगढ़ पुलिस ने हिरासत में लिया है। सेक्टर 6 स्थित देवी मंदिर में एकत्रित होकर बजरंग दल कार्यकर्ता नूंह जा रहे थे। बजरंग दल के करीब 2 दर्जन कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस इन सभी को सेक्टर 6 थाने में लेकर गई।
AUG 28, 2023 12:39 IST

Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE Updates: गुरुग्राम में हिन्दू संगठन के 10 से अधिक नेता हाउस अरेस्ट

गुरुग्राम में पुलिस ने हिन्दू संगठन के 10 से अधिक नेताओं को हाउस अरेस्ट किया हैं। नूंह में जलाभिषेक यात्रा के चलते की पुलिस ने ये कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि ये सभी नूंह जाने की तैयारी कर रहे थे।
AUG 28, 2023 12:17 IST

'यात्रा निकलेगी कि नहीं, प्रशासन को देखना है'

नूंह में हिंदू संगठनों की तरफ से निकाली जा रही ब्रज मंडल यात्रा को लेकर मेवात के मुस्लिम समुदाय का कहना है कि वे यात्रा का स्वागत करते हैं। यात्रा निकले या नहीं ये प्रशासन पर निर्भर करता है। मुस्लिम समुदाय को यात्रा से दिक्कत नहीं।
AUG 28, 2023 12:14 IST

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE: नूंह में बाहरी व्यक्ति के प्रवेश की अनुमति नहीं

किसी भी बाहरी व्यक्ति को नूंह में प्रवेश की अनुमति नहीं है और जिले के सभी प्रवेश मार्गों को सील कर दिया गया है। कड़ी नजर रखने के लिए हरियाणा पुलिस कर्मियों और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर अवरोधक लगाए हैं और सुरक्षा बल नूंह में प्रवेश कर रहे सभी वाहनों की गहन जांच कर रहे हैं। दंगा रोधी वाहन एवं ड्रोन भी तैनात किए गए हैं।
AUG 28, 2023 12:13 IST

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE: हिंसा में इमाम सहित 6 लोग मारे गए थे

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की यात्रा पर 31 जुलाई को भीड़ द्वारा हमला किए जाने के बाद नूंह और उसके आसपास के इलाकों में हुई सांप्रदायिक झड़पों में दो होम गार्ड और एक इमाम सहित छह लोग मारे गए थे।सर्व जातीय हिंदू महापंचायत ने नूंह में बृज मंडल शोभा यात्रा 28 अगस्त को बहाल किए जाने का 13 अगस्त को आह्वान किया था। यह यात्रा जुलाई में सांप्रदायिक हिंसा के कारण बाधित हो गई थी।
AUG 28, 2023 12:13 IST

‘यात्रा’ की अनुमति नहीं दी गई -खट्टर

विहिप ने कहा है कि यात्री निकाली जाएगी और इस तरह के धार्मिक आयोजनों के लिए प्रशासन से अनुमति लेने की कोई जरूरत नहीं है। बहरहाल, प्राधिकारियों ने यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कुछ हफ्ते पहले हुई नूंह हिंसा का जिक्र करते हुए रविवार को पंचकूला में कहा था कि ‘यात्रा’ की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने कहा था, ‘यात्रा में भाग लेने के बजाय लोग जलाभिषेक के लिए अपने-अपने इलाकों के मंदिरों में जा सकते हैं।’
AUG 28, 2023 12:13 IST

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE: सावन का अंतिम सोमवार

सावन के महीने का आखिरी सोमवार 28 अगस्त को है। पुलिस ने बताया कि अर्धसैनिक बलों की 24 कंपनी के अलावा हरियाणा पुलिस के 1,900 कर्मी तैनात किए गए हैं। जिले के सभी प्रवेश मार्गों को सील कर दिया गया है और नलहड़ मंदिर की ओर जाने वाली सड़क भी बंद कर दी गई है। नूंह के उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने ‘शोभा यात्रा’ के आह्वान के मद्देनजर निर्धारित स्थानों पर 57 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं।
AUG 28, 2023 12:13 IST

Haryana Nuh Shobha Yatra 2023 LIVE Updates: नूंह में होनी है जी20 शेरपा समूह की बैठक

उन्होंने स्थानीय लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन से सहयोग करने की भी अपील की। हरियाणा पुलिस प्रमुख शत्रुजीत कपूर ने शनिवार को कहा था कि प्रशासन ने तीन से सात सितंबर के दौरान नूंह में होने वाली जी20 शेरपा समूह की बैठक के मद्देनजर और 31 जुलाई की हिंसा के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।