गुजरात में राज्य स्तर का गोल्ड मेडलिस्ट रेसलिंग (पहलवानी) चैंपियन कौशल पिपलिया मॉलेस्टर निकला। राजकोट में वह मास्क पहनकर औरतों को अपना शिकार बनाता था। गिरफ्तार किए जाने के बाद उसने पुलिस से कबूला कि कम से कम 100 औरतों से उसने छेड़छाड़ की होगी, जबकि वह सड़क पर बाइक चलाने के दौरान औरतों के पुट्ठे पर पीछे से तमाचे मारकर भाग जाता था।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
हमारे सहयोगी अखबार 'दि टाइम्स ऑफ इंडिया' की खबर के मुताबिक, रविवार (चार दिसंबर, 2022) को 24 साल के रेसलर को योग टीचर का शोषण करने के आरोप में दबोचा गया। दरअसल, मालवीय नगर थाने में 23 नवंबर को पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को उन्होंने बताया था कि आरोपी उस पार्किंग लॉट में बैठा था, जहां पर उन्होंने अपनी गाड़ी पार्क की थी। महिला वहां से लिफ्ट लेने ही जा रही थी, तभी वह बीच में आ गया और लिफ्ट का दरवाजा बंद करने से उन्हें रोकने लगा। मास्क पहने आरोपी ने इसके बाद अपनी पतलून उतार दी और महिला की ओर गंदी हरकत करने लगा।
पुलिस के मुताबिक, महिला ने जब आपत्ति जताते हुए उसे धक्का दिया तो वह उन्हें मारने-पीटने का प्रयास करने लगा। इस पर वह चिल्लाने लगीं, तब वह डरकर वहां से भाग गया। इस्पेक्टर आईएन सवालिया ने अखबार को बताया- पिपलिया ने लगभग 100 महिलाओं से छेड़खानी की बात कबूली है और वह यह सब अपने मजे के लिए करता था, जबकि इन मामलों में पीड़िताओं ने शर्म के चलते आकर शिकायत नहीं दी।
पुलिस ने यह भी बताया कि वह राह चलती औरतों के पुट्ठे पर तमाचे मारने के मामले में कुख्यात है। इस काम को वह बाइक से अंजाम दिया करता था। महिलाओं (खासकर यूनिवर्सिटी रोड, आमिन मार्ग, कोटेचा चौक, कालावड रोड, निर्मला रोड, एस्ट्रन सोसायटी और पंचवटी सोसायटी में नई उम्र की लड़कियों के आगे) के सामने वह सुबह के समय भद्दे इशारे और हरकतें करता था। यही नहीं, इससे पहले वह राजकोट में चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है।
