Grok AI Row: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के एआई चैटबॉट ग्रोक (Grok AI Chatbot) की ओर से दिए जा रहे आपत्तिजनक जवाबों को लेकर सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय (IT Ministry) एक्शन में नजर आ रही है। आईटी मंत्रालय ने ग्रोक के हिंदी अपशब्दों का इस्तेमाल करने की घटना को लेकर 'एक्स' के संपर्क में है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक्स एआई 'ग्रोक'
क्या है पूरा मामला?
आईटी मंत्रालय यह समझने का प्रयास कर रहा है कि इस तरह की अभद्र भाषा के इस्तेमाल के पीछे का कारण क्या है। हाल ही में ग्रोक ने यूजर्स की उकसावे वाली टिप्पणियों के जवाब में हिंदी में अपशब्दों और स्लैंग का इस्तेमाल किया। दरअसल, एक्स पर एक यूजर ने '10 बेस्ट म्यूजुअल्स' की सूची मांगी जिसके जवाब में ग्रोक ने अप्रत्याशित और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए जवाब दिया।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आईटी मंत्रालय मामले की जांच कर रहा है। मंत्रालय उन कारणों की भी जांच करेगा जिनके कारण अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। पीटीआई ने मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया, ''हम संपर्क में हैं, हम उनसे (एक्स) बात कर रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि ऐसा क्यों हो रहा है और क्या मुद्दे हैं। वे हमारे साथ संपर्क में हैं।"
एआई चैटबॉट पर उठे सवाल
इस घटना ने सोशल मीडिया पर एक बार फिर से एआई चैटबॉट के भविष्य को लेकर बहस छेड़ दी है और लोग तरह-तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आईटी मंत्रालय इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है और उचित कदम उठाए जाएंगे।
