Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से चल रहा युद्ध जल्द ही थम सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार रूस और यूक्रेन से युद्ध रोकने के संबंध में बातचीत कर रहे हैं और उन्होंने दोनों देशों को फिलहाल आंशिक युद्ध विराम के लिए राजी कर लिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस सप्ताह दोनों देशों के राष्ट्रपतियों से फोन पर बात की जिसके बाद रूस और यूक्रेन सैद्धांतिक रूप से सीमित युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं। हालांकि, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह कब लागू होता है।
क्या पूरी तरह से थम जाएगा युद्ध?
तीन साल से चल रहा युद्ध एकदम से तो समाप्त नहीं होने वाला है, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप की कोशिशें रंग ला रही हैं। दोनों देशों के बीच इस बात को लेकर सहमति बन गई है कि अब वह एक दूसरे के ऊर्जा ठिकानों को निशाना नहीं बनाएंगे, लेकिन अब तक यह तय नहीं हुआ है कि यह योजना कब से लागू होगी।
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति पुतिन की ओर से ट्रंप के 30 दिन के पूर्ण युद्ध विराम के प्रयास को ठुकराने के बाद आंशिक युद्ध विराम समझौता हुआ। पुतिन के बाद ट्रंप ने बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से लगभग एक घंटे की बातचीत की। दोनों नेताओं ने इस बातचीत को बढ़िया बताया। जेलेंस्की ने कहा कि इस वीकेंड सऊदी अरब में होने वाली 'तकनीकी' वार्ता में यह तय करने की कोशिश की जाएगी कि समझौते के तहत किस प्रकार के बुनियादी ढांचे की रक्षा की जाएगी।
तीनों पक्षों के अलग-अलग विचार
इस बातचीत में तीनों नेताओं की अलग-अलग राय देखने को भी मिली। ट्रंप, पुतिन और जेलेंस्की तीनों नेताओं के पास आंशिक युद्ध विराम के बारे में अपने अलग-अलग विचार रहे। व्हाइट हाउस ने बताया कि ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को शामिल किया जाएगा। क्रेमलिन की ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को लेकर अलग राय थी, जबकि जेलेंस्की ने कहा कि वह रेलवे और बंदरगाहों की भी सुरक्षा करना चाहेंगे।
