Goa Nightclub Fire: उत्तरी गोवा के अरपोरा स्थित 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में आग लगने की घटना के बाद इसके मालिकों में से एक सौरभ लूथरा ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर दुख व्यक्त किया और कहा कि प्रबंधन शोक संतप्त और प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव सहायता, समर्थन और सहयोग प्रदान करेगा।यहां से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित नाइट क्लब में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में नाइटक्लब के 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं जिनमें से चार दिल्ली के थे।
'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में आग की घटना (फोटो: canva)
बाद में कई एजेंसियों द्वारा की गई जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिनमें अग्निशमन विभाग की ओर से जारी किये जाने वाले अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) का कथित अभाव और उचित दस्तावेज के बिना लाइसेंस का जारी किया जाना शामिल है।आग लगने की घटना से संबंधित प्राथमिकी में सहमालिक गौरव लूथरा के साथ नामित सौरभ लूथरा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में दावा किया कि बर्च में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण दुखद जनहानि पर प्रबंधन 'गहरा दुख' व्यक्त करता है।
सौरभ लूथरा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, 'अपूरणीय दुःख और भारी संकट की इस घड़ी में प्रबंधन मृतकों और घायलों के परिवारों के साथ अटूट एकजुटता के साथ खड़ा है और पूरी ईमानदारी से अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है।' उन्होंने कहा, 'प्रबंधन यह भी पुष्टि करता है कि वह शोक संतप्त और प्रभावित व्यक्तियों को हर संभव सहायता, समर्थन और सहयोग प्रदान करेगा, क्योंकि वे इस घोर पीड़ा और विपत्ति के दौर से गुजर रहे हैं।'
'क्लब के पास कथित तौर पर अग्निशमन विभाग की ओर से जारी एनओसी नहीं था'
आग लगने के बाद अग्निशमन अधिकारियों ने कहा था कि इस क्लब के पास कथित तौर पर अग्निशमन विभाग की ओर से जारी एनओसी नहीं था और छोटे दरवाजों और उस तक पहुंचने वाले संकरे पुल के कारण लोगों का बचकर निकलना मुश्किल हो गया था। क्लब के मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा था कि लूथरा परिवार को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम दिल्ली रवाना हो गई है।
कौन है गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर सौरभ लूथरा?
गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने की वजह से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। सौरभ लूथरा गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं। सौरभ लूथरा गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन (Birch by Romeo Lane ) नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक हैं। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, सौरभ लूथरा एक गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर हैं, जो आंत्रप्रेन्योर भी हैं और उन्हें सबसे तेजी से बढ़ते रेस्त्रां मालिकों में से एक के तौर पर गिना जाता है।
लूथरा ने बिर्च, रोमियो लेन, मामाज बुओई जैसे कई ब्रॉन्ड लॉन्च किए
सौरभ लूथरा ने बिर्च, रोमियो लेन, मामाज बुओई जैसे कई ब्रॉन्ड लॉन्च किए हैं। वेबसाइट के अनुसार, सौरभ लूथरा को कई उद्योग पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिसमें टाइम्स हॉस्पिटैलिटी आइकॉन्स 2023 में आइकॉनिक रेस्टोरेटर का खिताब भी शामिल है। सौरभ लूथरा ने 2016 से लेकर अब तक रेस्त्रां और बार के लिए कई खिताब हासिल किए। बकौल वेबसाइट, रोमियो लेन अभी 22 शहरों और चार देशों में मौजूद है।
