राहुल के लोकतंत्र वाले बयान पर राजनाथ सहित केंद्रीय मंत्रियों ने खोला मोर्चा, गिरिराज बोले-कांग्रेस नेता पर दर्ज हो देशद्रोह का केस

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Mar 13, 2023, 12:25 PM IST

Budget Session : भाजपा के फायर ब्रांड नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वायनाड के सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता लंदन में कहा कि संसद में सांसदों को बोलने नहीं दिया जाता है। यह लोकसभा का अपमान है। इस बयान के लिए सदन के स्पीकर को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

Budget Session : बजट सत्र के दूसरे चरण की शुरुआत हंगामेदार रही। लंदन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लोकतंत्र वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमलावर हुई। भाजपा नेताओं ने एक सुर से राहुल गांधी से माफी की मांग की। वहीं, विपक्ष ने अडानी मामले की जेपीसी की मांग को लेकर हंगामा किया। विपक्ष के शोर-शराबे और हंगामे को देखते हुए लोकसभा एवं राज्यसभा दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक स्थगित कर दी गई। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने भी कांग्रेस नेता पर तीख हमला बोला।

राजनाथ सिंह ने की आलोचना

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर हमले का मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जो कि इस सदन के सदस्य हैं, उन्होंने लंदन में भारत का अपमान किया। सिंह ने कहा, 'मेरी मांग है कि इस सदन के सभी सांसद राहुल गांधी के बयान की निंदा करें। उन्हें यहां आकर सदन से माफी मांगनी चाहिए।'

राहुल पर दर्ज हो देशद्रोह का केस-गिरिराज सिंह

भाजपा के फायर ब्रांड नेता एवं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वायनाड के सांसद पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस नेता लंदन में कहा कि संसद में सांसदों को बोलने नहीं दिया जाता है। यह लोकसभा का अपमान है। इस बयान के लिए सदन के स्पीकर को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। हमारे लोकतंत्र का अपमान करने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ देशद्रोह का केस दर्ज होना चाहिए।

सदन में आकर माफी मांगें राहुल-पीयूष गोयल

राहुल पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि विपक्ष का एक नेता विदेश जाता है और वह भारतीय लोकतंत्र पर हमला करता है। विपक्ष के इस नेता ने संसद और भारत के लोगों का अपमान किया है। भारत में अभिव्यक्ति की आजादी है और संसद में सांसद अपनी बात रख सकते हैं। गोयल ने कहा, 'हमारी मांग की है कि राहुल गांधी संसद में आएं और अपने बयान के लिए देश एवं सदन से माफी मांगें।'

End of Feed