FSSAI Action: पैकेज्ड पानी कंपनियों पर कसेगा शिकंजा, राज्यों को सख्त निर्देश, देशभर में तेज होगी जांच

सैंपल की जांच रिपोर्ट और निरीक्षण का पूरा रिकॉर्ड FoSCoS पोर्टल पर दर्ज होगा। BIS सर्टिफिकेशन की अनिवार्यता हटने के बाद नवंबर 2024 में पैकेज्ड पानी को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में रखा गया था।

सभी राज्यों और UTs को पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वाटर की निगरानी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। पानी की कंपनियों और यूनिट्स का नियमित निरीक्षण, जोखिम के आधार पर सैंपलिंग होगी और गुणवत्ता में गड़बड़ी या नियमों का उल्लंघन मिला तो Food Safety Act, 2006 के तहत कार्रवाई होगी।

water bottle

प्रतीकात्मक फोटो

सैंपल की जांच रिपोर्ट और निरीक्षण का पूरा रिकॉर्ड FoSCoS पोर्टल पर दर्ज होगा। BIS सर्टिफिकेशन की अनिवार्यता हटने के बाद नवंबर 2024 में पैकेज्ड पानी को हाई-रिस्क फूड कैटेगरी में रखा गया था। खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के अधिकारियों को बोतलबंद पेयजल क्षेत्र की कंपनियों की निगरानी बढ़ाने और गुणवत्ता में खामी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने इस सप्ताह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खाद्य सुरक्षा आयुक्तों तथा अपने क्षेत्रीय निदेशकों को पत्र लिखकर नियमित निरीक्षण और जोखिम के आधार पर नमूनों की जांच बढ़ाने को कहा है। नियामक ने अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण, नमूनों और जांच रिपोर्ट का ब्योरा खाद्य सुरक्षा अनुपालन प्रणाली (फोसकोस) में दर्ज करने को भी कहा गया है।

'मकसद घबराहट फैलाना नहीं, बल्कि कानून का अनुपालन सुनिश्चित करना'

यह निर्देश पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता में कथित खामियों को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दिए जाने के कुछ दिन बाद आया है।एफएसएसएआई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रजित पुनहानी ने बुधवार को कहा कि कंपनियों के खिलाफ नियामक की कार्रवाई का मकसद घबराहट फैलाना नहीं, बल्कि कानून का अनुपालन सुनिश्चित करना है।

बोतलबंद पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक

खाद्य नियामक ने बताया था कि बिसलेरी के गोवा परिसर से लिए गए बोतलबंद पानी के एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। बाद में संदर्भ प्रयोगशाला ने भी उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन पाए जाने के आधार पर उसे असुरक्षित घोषित किया था। हालांकि, बिसलेरी ने सोमवार को कहा था कि उसका बोतलबंद पानी उपभोग के लिए सुरक्षित है और वह इस मामले में खाद्य नियामक के साथ सहयोग करेगी।

End Article
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्...

End of Feed