देश

होर्मुज पर गहराते संकट के बीच मैक्रों ने PM मोदी को मिलाया फोन, ट्रंप भी कर चुके हैं बात

Macron calls PM Modi: फ्रांस के राष्ट्रपति ने पश्चिम एशिया में बेकाबू हालात के बीच पीएम मोदी से फोन पर बातचीत की है। दोनों ने होर्मुज में जहाजों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जताते हुए शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।

Image

फ्रांस के राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर अहम बातचीत की (फाइल फोटो)

Macron calls PM Modi: फ्रांस के राष्ट्रपति ने पश्चिम एशिया में बेकाबू हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर अहम बातचीत की है। दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट के बिगड़ते समीकरणों और होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में जहाजों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता जताते हुए शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने पर सहमति जताई।

पीएम मोदी ने इस बारे में ट्वीट कर लिखा- मेरे प्रिय मित्र, राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों का फोन आया। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तत्काल बहाल करने की आवश्यकता पर सहमति जताई। इस क्षेत्र और उससे बाहर भी शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए हम अपना घनिष्ठ सहयोग जारी रखेंगे।

भारत और फ्रांस की यह बातचीत कूटनीतिक स्तर पर अहम

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए आगे भी सहयोग करते रहेंगे। दोनों देशों ने तनाव कम करने और हालात को सामान्य बनाने की जरूरत पर बल दिया। दोनों नेताओं ने वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए जीवन रेखा माने जाने वाले होर्मुज में समुद्री सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता को तुरंत बहाल करने पर जोर दिया है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर दुनिया के कई देश चिंतित हैं। ऐसे में भारत और फ्रांस की यह बातचीत कूटनीतिक स्तर पर अहम मानी जा रही है।

19 मार्च को पीएम मोदी ने मैक्रों से फोन पर बात की थी

बता दें कि इससे पहले पिछले महीने 19 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बात की थी। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा था कि उन्होंने पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की और तत्‍काल तनाव कम करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढावा देने पर चर्चा हुई।

ट्रंप ने पीएम मोदी को मिलाया फोन, 40 मिनट तक हुई वार्ता

इससे पहले 14 अप्रैल को पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से बात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक फोन पर बात हुई। ये बात तब हुई है जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच समझौते के लिए 21 घंटो तक चली वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला।

पीएम मोदी बोले- पश्चिम एशिया में तनाव पर हुई बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधिकारिक एक्स एकाउंट पर पोस्ट कर इस वार्ता के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और तनाव को कम करने के लिए प्रयासरत हैं।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article