देश

शहबाज के फेल होते ही ट्रंप ने पीएम मोदी को मिलाया फोन, 40 मिनट तक हुई वार्ता; 28 फरवरी के बाद दूसरी बार हुई बात

पश्चिम एशिया में तनाव को कम करने की पाकिस्तानी पीएम की कोशिशों के फेल होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर लंबी बात की है। इस दौरान दोनों के बीच लगभग 40 मिनट तक बात हुई।

Image

ट्रंप ने की मोदी से बात

पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से बात की है। दोनों नेताओं के बीच करीब 40 मिनट तक फोन पर बात हुई। ये बात तब हुई है जब इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के प्रतिनिधियों के बीच समझौते के लिए 21 घंटो तक चली वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला।

सर्जियो गोर ने भी दी वार्ता की जानकारी

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दोनों नेताओं के बीच वार्ता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध मजबूत स्थिति में हैं। बकौल सर्जियो गोर वार्ता के दौरान ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा, "मैं बस आपको यह बताना चाहता हूं कि हम सब आपसे प्यार करते हैं।" इस दौरान अमेरिकी राजदूत गोर ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा सहित कई बड़े समझौतों पर सहमति बनने की उम्मीद है।

पीएम मोदी बोले- पश्चिम एशिया में तनाव पर हुई बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी आधिकारिक एक्स एकाउंट पर पोस्ट कर इस वार्ता के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा,'मुझे मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का फोन आया। हमने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की। हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और तनाव को कम करने के लिए प्रयासरत हैं।'

गौरतलब है कि हाल के दिनों में यह तीसरी बार है जब ट्रंप और पीएम मोदी ने आपस में टेलीफोनिक वार्ता की है। इससे पहले 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद 24 मार्च को दोनों ने बात की थी। वहीं उससे पहले दो फरवरी को भी उनके बीच वार्ता हुई है।

अमेरिकी राजदूत ने कहा कि नयी दिल्ली और वाशिंगटन के बीच "आने वाले दिनों में" ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुछ बड़े सौदे होने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने इन सौदों के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया।

ट्रंप और मोदी के बीच यह बातचीत विदेश सचिव विक्रम मिसरी के वाशिंगटन की अपनी तीन दिवसीय यात्रा संपन्न करने के दो दिन बाद हुई है। वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो अगले महीने भारत की यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वह विदेश मंत्री एस जयशंकर और सरकार के अन्य पदाधिकारियों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे। दोनों देश अनिश्चितता और तनाव के लंबे दौर के बाद अपने संबंधों को स्थिर करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

ट्रंप के रूसी कच्चे तेल की खरीद के विरोध में भारतीय वस्तुओं के आयात पर भारी ’टैरिफ’ लगाने और पिछले साल मई में भारत-पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने में वाशिंगटन की भूमिका को लेकर विवादित दावे करने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article