पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मंगलवार से यहां तिलक मार्ग स्थित सागर अपार्टमेंट्स के एक निजी आवास में रहेंगे। उनकी पात्रता के अनुसार आधिकारिक आवास आवंटित किए जाने तक उन्हें इसी अपार्टमेंट में रहना होगा।धनखड़ के कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। पोस्ट के अनुसार, इंडिया गेट के पास स्थित सागर अपार्टमेंट्स का फ्लैट संख्या 8ए एक दिसंबर से उनका आवास होगा। आधिकारिक आवास आवंटित होने तक वह इसी में रहेंगे।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड (फाइल फोटो)
धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की आवश्यकता का हवाला देते हुए 21 जुलाई 2025 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उनका कार्यकाल हालांकि अगस्त 2027 में समाप्त होना था।
इस्तीफे के बाद धनखड़ उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में ही रह रहे थे
इस्तीफे के बाद धनखड़ उपराष्ट्रपति एन्क्लेव में ही रह रहे थे। इसके बाद वह एक सितंबर 2025 को वहां से निकलकर दक्षिण दिल्ली के छतरपुर स्थित गदाईपुर में हरियाणा के नेता अभय चौटाला के फार्महाउस में रहने चले गए थे। यह फार्महाउस शुरुआत में तब तक के लिए अस्थायी व्यवस्था के तौर पर तय किया गया था, जब तक पूर्व उपराष्ट्रपति को आधिकारिक आवास आवंटित नहीं हो जाता।
उनके सचिव अभ्युदय सिंह शेखावत ने 'X' पर पोस्ट किया, 'पूर्व उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ का आवास 1 दिसंबर 2026 से एक निजी आवास होगा। यह नई दिल्ली (110001) में इंडिया गेट के पास, 6 तिलक मार्ग स्थित सागर अपार्टमेंट्स के फ्लैट 8A में होगा। यह व्यवस्था तब तक रहेगी, जब तक कि उन्हें उनके हक का आधिकारिक सरकारी आवास आवंटित नहीं कर दिया जाता।'
धनखड़ ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था
उपराष्ट्रपति धनखड़ ने 21 जुलाई, 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दे दिया था। यह एक अप्रत्याशित कदम था, जो संसद के मानसून सत्र के पहले दिन की अध्यक्षता करने के तुरंत बाद उठाया गया।
