Flight Ticket Fare: देश में घरेलू उड़ानों की कीमतें अचानक से आसमान छूने लगी हैं। किराया इतना बढ़ गया है कि डोमेस्टिक फ्लाईट इंटरनेशनल फ्लाईट से भी ज्यादा महंगी हो गई है। विशेष तौर पर अगर आप 24 घंटे पहले दिल्ली से डोमेस्टिक फ्लाईट बुक करते हैं तो आपको भारी-भरकम रकम चुकानी पड़ेगी।
दरअसल, बुधवार को दिल्ली से मुंबई का किराया इतना था कि लोगों के होश उड़ गए। एक जून के लिए दिल्ली से मुंबई का किराया जहां 19 हजार रुपये दिखा रहा था तो वहीं दिल्ली से दुबई की फ्लाईट 14 हजार रुपये में थी। ठीक इसी तरह दिल्ली से कोचीन की फ्लाईट का एक जून को किराया 22 हजार रुपये था, तो वहीं कोलकाता से चेन्नई तक का किराया करीब 14 हजार रुपये था।
मुंबई से दूसरे शहरों के फ्लाइट टिकट हुए महंगे
घरेलू उड़ानों के का किराया सिर्फ दिल्ली से उड़ानों का नहीं, बल्कि मुंबई से दूसरे शहरों का किराया भी बढ़ गया। एक जून को मुंबई से लेह के लिए 24 घंटे एडवांस टिकट खरीदने पर 22500 रुपये का टिकट मिल रहा था। वहीं कोच्चि का टिकट 20 हजार रुपये का था।
पूर्वी और उत्तर पूर्वी शहरों का किराया कम
भले ही दिल्ली और मुंबई से कुछ शहरों का किराया अधिक हो, लेकिन पूर्वी और उत्तर पूर्वी शहरों का किराया सामान्य था। मुंबई से कोलकाता के लिए फ्लाइट का किराया 7200 रुपये तो वहीं बागडोगरा के लिए 8300 रुपये का टिकट था। मुंबई से दिल्ली के लिए टिकट 4700 रुपये था।
गो फर्स्ट की उड़ाने बंद होने का असर
घरेलू उड़ानों की कीमतों में अचानक उछाल का बड़ा कारण गो फर्स्ट की उड़ानें बंद होने को माना जा रहा है। दरअसल, गो फर्स्ट ने मई में संचालन बंद कर दिया था, जिससे घरेलू उड़ानों में कमी आई है। दूसरी तरफ मई-जून के महीने में स्कूलों की छुट्टियों के कारण फ्लाइट की मांग में तेजी आती है। ऐसे में मांग अधिक और कम उड़ानों का लोड दूसरी एयरलाइंस पर पड़ रहा है, जिससे दाम बढ़ते जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के बाद यह पहली बार है कि जब फ्लाइट की मांग इतनी ज्यादा बढ़ गई है।
