'चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव पर दर्ज हो FIR', राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में वकीलों ने खोला मोर्चा

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट के पूर्व पदाधिकारियों और आरएसएस नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की पैरवी न करने का फैसला किया है और उल्लंघन करने वाले सदस्यों पर 5 लाख रुपये का जुर्माना तय किया है।

फैजाबाद बार एसोसिएशन ने राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन को बड़ी चेतावनी दी है। शनिवार को आयोजित आम सभा की बैठक में अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय, पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा और आरएसएस पदाधिकारी गोपाल राव के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

faizabad bar association

फैजाबाद के वकीलों का कड़ा रुख (फाइल फोटो)

एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सरकार और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए गए। वकीलों ने आरोप लगाया कि प्रशासन मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय मुख्य आरोपियों को निर्दोष साबित करने और उन्हें संरक्षण देने में लगा हुआ है। इस संबंध में अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

End of Feed