Himanta Biswa Sharma: फर्जी दस्तावेज मामले में पूछताछ में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता पवन खेड़ा जब गुवाहाटी आएंगे तो असम पुलिस उनका स्वागत पेड़ा खिलाकर करेगी। इस मामले में उनसे पूछताछ सीसीटीवी की निगरानी में होगी और वह अपने साथ अपना वकील भी रख सकते हैं। यह बात असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने मंगलवार को टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में कही। सरमा ने कहा कि इस मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने असम पुलिस के बारे में कोई ऐसी बात नहीं कही। बल्कि कोर्ट ने खेड़ा को जांच में शामिल होने और उन्हें विदेश यात्रा पर न जाने के लिए कहा है।
पवन खेडा़ मामले में बोले हिमंता बिस्वा सरमा।
हम खेड़ा को असम का सबसे बढ़िया पेड़ा खिलाएंगे-सरमा
सरमा ने कहा कि 'पूछताछ में शामिल होने के लिए पवन खेड़ा को नोटिस मिलेगा। उन्हें जांच में शामिल होने के लिए गुवाहाटी आना चाहिए और फर्जी दस्तावेजों के बारे में बताना चाहिए। उन्हें मां कामाख्या के दर्शन भी करने चाहिए। वह अपने साथ अपना वकील ला सकते हैं ताकि बाद में किसी तरह की शिकायत न करें। हम उन्हें असम का सबसे बढ़िया पेड़ा खिलाएंगे।'
'असम में हिंदुओं ने कांग्रेस को वोट नहीं दिया'
असम चुनाव परिणाम पर भाजपा नेता ने कहा कि इस चुनाव में हमें बड़ी जीत मिली है। असम में कांग्रेस के 18 मुस्लिम उम्मीदवारों के जीतने पर असम के सीएम ने कहा कि यह तथ्य है कि कांग्रेस वही जीती जहां मुस्लिमों ने उसे वोट दिया। हिंदुओं ने कांग्रेस को वोट नहीं दिया। गौरव गोगोई के बारे में हिमंता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता के पाकिस्तान में करीबी संबंध हैं और उनको चुनाव हारना ही था क्योंकि सांसद बनने के बाद वह कभी अपने निर्वाचन क्षेत्र में नहीं गए।
AI की मदद से तैयार किए फर्जी दस्तावेज-सरमा
फर्जी दस्तावेज मामले में टिप्पणी करते हुए सरमा ने कहा कि 'यह हिमंता बनाम पवन खेड़ा नहीं है। यह व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। दरअसल, कांग्रेस ने एआई की मदद से फर्जी दस्तावेज तैयार किए और आरोप लगाए हैं। इन फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसने चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की। असम पुलिस ने इसका स्वत: संज्ञान लिया और दिल्ली गई। असम में नई सरकार बनने के बाद इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की जाएगी और इसके पीछे कौन है, इसकी जांच की जाएगी।'
