संसद के आगामी विशेष अधिवेशन में पेश होने वाले महिला आरक्षण से संबंधित ‘परिसीमन विधेयक’ को समर्थन देने का सर्वसम्मत प्रस्ताव आज शिवसेना के संसदीय दल की बैठक में पारित किया गया। पार्टी के मुख्य नेता एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में मुंबई में हुई इस बैठक में शिवसेना के सभी 15 सांसद उपस्थित रहे।
एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता में बैठक में शिवसेना के सभी 15 सांसद उपस्थित रहे
इस ऐतिहासिक निर्णय के समर्थन में मजबूती से खड़े रहने के लिए उपमुख्यमंत्री शिंदे ने सभी सांसदों को रविवार को ही दिल्ली पहुंचने के निर्देश दिए। आज की बैठक में पारित प्रस्ताव की प्रति लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और एनडीए के प्रमुख नेताओं को भेजी जाएगी।
मुंबई स्थित नंदनवन आवास पर शिवसेना सांसदों की यह बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे, श्रीरंग अप्पा बारणे, संदिपान भुमरे, नरेश म्हस्के, रवींद्र वायकर, धैर्यशील माने, ओमराजे निंबाळकर, नागेश पाटील आष्टीकर, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे और डॉ. ज्योति वाघमारे उपस्थित थे। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव तथा सांसद मिलिंद देवरा और संजय दीना पाटील वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल से कैसे बदल जाएगा देश का चुनावी नक्शा?
'महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों की संख्या 48 से बढ़कर 72 हो जाएगी'
लोकसभा का विशेष अधिवेशन सोमवार, 30 नवंबर को और राज्यसभा का विशेष अधिवेशन बुधवार, 2 दिसंबर को आयोजित होगा। इस अधिवेशन में सरकार की ओर से संविधान संशोधन और परिसीमन विधेयक पेश किए जाएंगे। इन विधेयकों के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता साफ होगा। विधेयक के तहत लोकसभा की कुल सदस्य संख्या में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि होकर यह संख्या 543 से बढ़कर 815 हो जाएगी। वहीं, महाराष्ट्र में लोकसभा सीटों की संख्या 48 से बढ़कर 72 हो जाएगी। इससे संसद में महाराष्ट्र की आवाज और अधिक बुलंद होगी, ऐसा विश्वास उपमुख्यमंत्री शिंदे ने व्यक्त किया।
'बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा'
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि शिवसेना-भाजपा गठबंधन में वंदनीय बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। उसी विचारधारा पर चलते हुए ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र सर्वोपरि की नीति ही शिवसेना की भूमिका है। एनडीए की बैठकों में शिवसेना को हमेशा महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। 7 प्रतिशत की जीडीपी वृद्धि दर के चलते अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी भारत की सराहना की है। देश जब आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी के हाथ मजबूत करने के लिए शिवसेना के लोकसभा के 13 और राज्यसभा के 2 सहित सभी 15 सांसद दोनों सदनों में इन विधेयकों के पक्ष में मतदान करेंगे।
'एक सांसद को 20 से 25 लाख नागरिकों का प्रतिनिधित्व करना पड़ता है'
शिंदे ने कहा कि वर्ष 1976 से लोकसभा क्षेत्रों की संख्या स्थिर रखी गई है। मौजूदा स्थिति में एक सांसद को 20 से 25 लाख नागरिकों का प्रतिनिधित्व करना पड़ता है। ‘एक व्यक्ति, एक वोट, एक मूल्य’ के लोकतांत्रिक सिद्धांत के अनुरूप मतदाताओं को न्याय देने और गांवों तथा शहरों के संतुलित विकास के लिए निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन समय की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन से सांसदों के लिए अपने क्षेत्र में काम करना अधिक सुगम होगा और मतदाताओं के लिए भी अपने जनप्रतिनिधियों से मिलना आसान हो जाएगा। शिवसेना इन संविधान संशोधन विधेयकों के पक्ष में मतदान करेगी। यह ऐतिहासिक फैसला राजनीतिक बदलाव की एक नई क्रांति का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा उसका विस्तार होगा, ऐसा विश्वास उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने व्यक्त किया।
