Maharashtra News in Hindi: महाराष्ट्र में शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ पर गोली चलाने वाले नेता व कल्याण से भाजपा विधायक गणपत गायकवाड़ ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि सीएम शिंदे ने उन्हें अपराधी बना दिया। बता दें, थाने में शिवसेना नेता पर फायरिंग मामले में गणपत गायकवाड़ को गिरफ्तार किया गया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
अपनी गिरफ्तारी से पहले एक न्यूज चैनल से बात करते हुए गणपत गायकवाड़ ने घटनाक्रम के अंदर की बात बताई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे राज्य में अपराधियों का साम्राज्य खड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें, गायकवाड़ ने शिवसेना नेता महेश गायकवाड़ पर गोली चलाई थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद राज्य के गृहमंत्री व उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
जमीन विवाद का है मामला
भाजपा विधायक की गिरफ्तारी के साथ सामने आए ऑडियो क्लिप के मुताबिक, गणपत गायकवाड़ ने बताया कि पूरा मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, मेरी जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है और मेरे ही सामने मेरे बेटे को भी पीटा जा रहा था। उन्होंने कहा, पुलिस स्टेशन में मेरे बेटे की पिटाई हो रही थी, जिसकी वह से वह आगबबूला हेा गए और पांच राउंड फायरिंग कर दी। उन्होंने एकनाथ शिंदे पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर राज्य में वह मुख्यमंत्री रहते हैं तो अपराधी बढ़ेंगे।
मजबूरी में गोली चला दी
ऑडियो क्लिप की बातचीत के मुताबिक, गणपत गायकवाड़ ने कहा कि बेटे की ऐसी हालत देखकर मैं फ्रस्ट्रेट को गया था, ऐसे में मैं क्या करता? मजबूरी में गोली चला दी। उन्होंने कहा, मुझे इस बात का तनिक भी पछतावा नहीं है। मैं किसी को मारना नही चाहता था। उन्होंने बताया, जमीन को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था। कोर्ट में वह जीत गए थे। इसके बावजूद महेश गायकवाड़ ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा था।
