नई दिल्ली: देश की जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पहली बार अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में छापेमारी की है। ये छापेमारी अंडमान निकोबार स्टेट कोऑपरेटिव बैंक (ANSCB) में हुए एक बड़े घोटाले को लेकर की गई है।
अंडमान-निकोबार में पहली बार ED की बड़ी कार्रवाई (PHOTO- twitter)
ED की टीम ने पोर्ट ब्लेयर में 9 जगहों और कोलकाता में 2 जगहों पर छापे मारे हैं। जांच के दौरान ऐसे कई दस्तावेज मिले हैं जो ये दिखाते हैं कि बैंक ने कई फर्जी कंपनियों को बिना नियमों के लोन और ओवरड्राफ्ट की सुविधा दी। ED की जांच में पता चला है कि करीब 15 फर्जी कंपनियां बनाई गई थीं, जिनका इस्तेमाल करके पूर्व सांसद कुलदीप राय शर्मा को फायदा पहुंचाया गया। इन कंपनियों ने बैंक से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का लोन लिया और बड़ी रकम नकद में निकालकर कुछ लोगों को पहुंचा दी गई।
बताया जा रहा है कि कुलदीप राय शर्मा, जो अंडमान-निकोबार से सांसद रह चुके हैं, वो खुद इस बैंक के वाइस चेयरमैन भी हैं। यानी बैंक में उनकी सीधी भूमिका रही है। ED ने ये जांच अंडमान और निकोबार पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की है। एफआईआर में बैंक के कुछ अफसरों और प्राइवेट लोगों पर गंभीर आरोप लगे हैं। फिलहाल ED की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
