Dhanteras Wishes: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शनिवार को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं। यह त्योहार दिवाली के उत्सव की शुरुआत का प्रतीक है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा, 'देश के मेरे सभी परिवारजन को धनतेरस की अनेकानेक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर मैं हर किसी के सुख, सौभाग्य और आरोग्य की कामना करता हूं। भगवान धन्वंतरि सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें।'
मोदी ने देशवासियों को धनतेरस की शुभकामनाएं दीं (प्रतीकात्मक फोटो- PTI)
धन्वंतरि त्रयोदशी को आमतौर पर धनतेरस के रूप में जाना जाता है। यह दिवाली के त्योहार की शुरुआत माना जाता है और हिंदू कैलेंडर के अश्विन माह के कृष्ण पक्ष (चंद्रमा का क्षीण काल) के 13वें चंद्र दिवस पर मनाया जाता है।
धनतेरस को हिंदू कैलेंडर में सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं से लेकर बर्तनों जैसी वस्तुओं की खरीदारी के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है।
राहुल गांधी ने भी शुभकामनाएं
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को धनतेरस के मौके पर देश के लोगों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा, 'सभी देशवासियों को धनतेरस की हार्दिक शुभकामनाएं। आरोग्य और संपदा का यह पर्व आपके जीवन में सुख, सौभाग्य और सम्पन्नता लेकर आए।'
बता दें कि धनत्रयोदशी जिसे धनतेरस भी कहते हैं यह दिन हिंदू रीति-रिवाजों में दिवाली त्योहार का पहला दिन होता है।
