महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुनेत्रा पवार के साथ उनकी मुलाकात के दौरान दोनों गुटों के विलय को लेकर कोई बातचीत नहीं हुई है। फडणवीस ने कहा कि सुनेत्रा पवार सरकारी कामकाज के सिलसिले में उनसे मिलने आई थीं। बैठक में विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर इस तरह की कोई बातचीत होती,तो सरकार में साथ होने के नाते उन्हें इसकी जानकारी जरूर दी जाती।
एनसीपी में मर्जर को लेकर बोले देवेंद्र फडणवीस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें विलय से जुड़ी चर्चाओं की जानकारी केवल मीडिया के जरिए मिल रही है। किसी ने भी आधिकारिक तौर पर उनसे इस संबंध में संपर्क नहीं किया है। ऐसे में इस मुद्दे पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। फडणवीस ने आगे कहा कि आज की बैठक में विलय पर बिल्कुल कोई चर्चा नहीं हुई और इस मुद्दे पर फैल रही अटकलों और अफवाहों पर विराम लगना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर सुप्रिया सुले के बयान का भी जिक्र किया। फडणवीस के मुताबिक,सुले ने स्पष्ट किया है कि उनकी पार्टी परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। यदि पहले प्रस्तावित विधेयक की तरह सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि का प्रस्ताव लाया जाता है, तो शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी इसका पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को लेकर बेवजह की अटकलें नहीं लगाई जानी चाहिए।
सुनेत्रा पवार के फैसले के बिना बात आगे नहीं बढ़ेगी- छगन भुजबल
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के विलय को लेकर जारी चर्चाओं के बीच वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक NCP अध्यक्ष सुनेत्रा पवार इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लेतीं,तब तक विलय को लेकर होने वाली बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकलेगा।पुणे में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान भुजबल से पूछा गया कि उनकी पार्टी के नेता विलय का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं, जबकि NCP (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले इन चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल नहीं हो रही हैं। इस पर भुजबल ने कहा कि चाहे कितनी भी चर्चाएं क्यों न हों,जब तक सुनेत्रा पवार इस मामले पर फैसला नहीं लेतीं, तब तक उनसे कोई नतीजा नहीं निकलेगा।
