Delimitation Bill 2026: दिल्ली में संसद के गलियारों में अगले चार दिन सबसे अहम माने जा रहे हैं। सोमवार 30 नवंबर 2026 से गुरुवार 3 दिसंबर 2026 तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस छोटे से सत्र में ही केंद्र सरकार देश की राजनीति की दिशा बदलने वाले तीन बड़े विधेयकों को पारित कराना चाहती है।सरकार की सूची में सबसे ऊपर संविधान (एक सौ इकतीसवां संशोधन) विधेयक 2026 है। इसके साथ ही परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 भी पेश किया जाएगा। इन तीनों विधेयकों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी तैयारी तेज कर दी है।
बीजेपी ने जारी किया थ्री-लाइन व्हिप (फोटो साभार- ANI)
भाजपा ने जारी किया थ्री-लाइन व्हिप
भारतीय जनता पार्टी इन विधेयकों को पारित करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसे लेकर पार्टी ने लोकसभा के अपने सभी सांसदों को थ्री-लाइन व्हिप जारी कर दिया है। यह निर्देश 29 नवंबर 2026 को भाजपा (लोकसभा) के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल की ओर से जारी किया गया। व्हिप में साफ लिखा है कि 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक लोकसभा में अति महत्वपूर्ण विधायी कार्य लाए जाएंगे। इसलिए सभी सांसद इन चारों दिन पूरे समय सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और सरकार के पक्ष का समर्थन करें।
विपक्ष भी अलर्ट मोड में
दूसरी तरफ, विपक्ष भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। आम आदमी पार्टी से लेकर शिवसेना (UBT) ने भी अपने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। AAP के मुख्य सचेतक एनडी गुप्ता ने 2 दिसंबर से 4 दिसंबर तक सभी सांसदों को सुबह 11 बजे से सदन में मौजूद रहने को कहा है। AAP का कहना है कि इन तीन दिनों में बेहद महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे। सपा संसदीय दल के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव ने 28 नवंबर को व्हिप जारी किया। इसमें सभी लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक सदन में पूरे समय मौजूद रहने और तीनों विधेयकों के खिलाफ वोट करने का निर्देश दिया गया है। यानी सपा परिसीमन बिल का विरोध करेगी। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी थ्री-लाइन व्हिप जारी कर सभी सांसदों को संसद सत्र में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- कौन सी पार्टी परिसीमन बिल के सपोर्ट में और कौन खिलाफ?
क्या होता है थ्री-लाइन व्हिप
व्हिप का मतलब होता है पार्टी का आधिकारिक आदेश। इसे पार्टी का सचेतक जारी करता है। यह सांसदों को बताता है कि उन्हें सदन में कब रहना है और किस मुद्दे पर कैसे वोट करना है। व्हिप तीन तरह का होता है। वन-लाइन व्हिप में सिर्फ मौजूद रहने को कहा जाता है। टू-लाइन व्हिप में मौजूद रहने के साथ वोटिंग में हिस्सा लेने को कहा जाता है। जबकि थ्री-लाइन व्हिप सबसे सख्त माना जाता है। इसमें सांसद को मौजूद रहने के साथ-साथ पार्टी के तय रुख के अनुसार ही वोट करना होता है। अगर कोई सांसद थ्री-लाइन व्हिप को नहीं मानता, तो उसे दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य ठहराया जा सकता है। यानी उसकी संसद सदस्यता तक जा सकती है।
