मोदी सरकार द्वारा देशभर में लागू किए गए नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म के बाद आज बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने दिल्ली के अमर कॉलोनी में दुकानदारों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने व्यापारियों के साथ चाय पर चर्चा करते हुए नई जीएसटी रिफॉर्म के फायदे जनता तक पहुंचाने का संदेश साझा किया।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने दिल्ली के अमर कॉलोनी में दुकानदारों से मुलाकात की
दुकानदारों और उपभोक्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया और रिफॉर्म के लिए बधाई दी। नड्डा ने कहा कि टैक्स में दी गई छूट का लाभ सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचना चाहिए और दुकानों पर स्वदेशी उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि नई रिफॉर्म से करोड़ों उपभोक्ताओं को फायदा होगा और त्योहारों के सीजन में वस्तुएं सस्ती मिलेंगी।
वहीं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण भी दिल्ली की सड़कों पर उतरीं और दुकानदारों समेत उपभोगताओं से भी मिलीं,वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर मार्किट पहुंचे। उनके साथ विधायक अभय वर्मा और पार्षद अल्का राघव भी थीं। व्यापारियों ने टैक्स बोझ घटने से कारोबार सुगम होने और पूंजी बढ़ने की बात कही, जबकि उपभोक्ताओं ने रोज़मर्रा की वस्तुओं के दाम कम होने पर संतोष जताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया ।
इसी कड़ी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने त्रिनगर मार्किट का दौरा किया। उनके साथ सांसद प्रवीन खंडेलवाल, विधायक तिलक राम गुप्ता और जिलाध्यक्ष अजय खटाना मौजूद थे। व्यापारियों और उपभोक्ताओं ने कहा कि त्योहारों के सीजन से पहले यह रिफॉर्म जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
वहीं, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विधायक अनिल शर्मा के साथ आर.के. पुरम मार्किट का दौरा किया और स्थानीय लोगों की राय सुनी। भाजपा सांसद व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नरेश बंसल और दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बंगाली मार्किट में जाकर व्यापारियों की प्रतिक्रिया जानी।
नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म को व्यापारियों और उपभोक्ताओं का स्वागत मिलने के साथ ही इसे त्योहारों पर बचत उत्सव के रूप में देखा जा रहा है। और बीजेपी के सभी नेता मैदान में उतर कर इसे जीएसटी बचत उत्सव के रूप में मना रहे हैं, अब देखना ये है की इस जीएसटी रिफार्म से देश और समाज में माध्यम वर्गीय लोगों को कितनी राहत मिलती है
