LIVE

Delhi Rain and Flood: यमुना का जलस्तर हो रहा कम- बोले CM, पर पनपी ये समस्याएं; PM ने LG से लिया अपडेट

अभिषेक गुप्ताUpdated Jul 15, 2023, 23:37 IST

Delhi Rain Live Updates
Delhi Rain and Flood: यमुना का जलस्तर हो रहा कम- बोले CM, पर पनपी ये समस्याएं; PM ने LG से लिया अपडेट

Delhi Rain and Flood: देश की राजधानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में शनिवार (15 जुलाई, 2023) शाम फिर भारी बारिश हो गई, जिससे जलभराव और यातायात जाम की समस्या देखने को मिली। ट्रैफिक पुलिस ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि कहां-कहां ट्रैफिक प्रभावित हुआ। हालांकि, सीएम और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि यमुना नदी का जलस्तर कम हो रहा है। हालांकि, शनिवार रात तक भी कई इलाकों में जलभराव की समस्या रही और वहां पर इससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका है। इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी फ्रांस-यूएई की तीन दिवसीय यात्रा से जब लौटे तो उन्होंने फोन पर दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना से बाढ़ पर ताजा अपडेट लिया। दरअसल, शहर के कई हिस्से पहले से ही पिछले कुछ दिनों से बाढ़ की चपेट में हैं। यमुना का पानी बाहर आ जाने के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली अप्रत्याशित बाढ़ जूझ रही है। इस बीच, मौसम कार्यालय ने रविवार को आसमान में बादल छाये रहने तथा मध्यम वर्षा होने और गरज के साथ बौछारे पड़ने का अनुमान व्यक्त किया है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस आसपास रह सकता है। शनिवार की वर्षा से यमुना में जलस्तर बढ़ने की संभावना है जो पहले ही पिछले कई दिनों से खतरे के निशान 205.33मीटर से ऊपर बह रही है। केंद्रीय जल आयोग के मुताबिक, शनिवार सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर घटकर 207.62 मीटर पर आ गया, जो गुरुवार रात आठ बजे अपने चरम 208.66 मीटर पर था।

JUL 15, 2023 23:24 IST

जलमग्न इलाकों में सेल्फी न लें, न तैरने का प्रयास करें: केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बाढ़ का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है और लोगों को जलमग्न इलाकों में न तो तैरने का प्रयास करना चाहिए तथा न ही सेल्फी लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री की यह अपील ऐसे वक्त में आई है जब उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुकुंदपुर चौक इलाके में बाढ़ के पानी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई।केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘कई जगहों से ऐसी खबरें हैं कि कुछ लोग जलमग्न इलाकों में खेलने जा रहे हैं, सेल्फी ले रहे हैं या वीडियो रिकॉर्ड कर रहे हैं। कृपया ऐसा न करें, यह जानलेवा हो सकता है। बाढ़ का खतरा अभी समाप्त नहीं हुआ है। पानी का बहाव काफी तेज है, और जलस्तर किसी भी वक्त बढ़ सकता है।’’ उन्होंने दिल्ली के शांतिवन इलाके में बाढ़ के पानी में खेल रहे बच्चों का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा, ‘‘मैं सबसे अपील करता हूं कि ऐसा न करें। यह जानलेवा हो सकता है।’’
JUL 15, 2023 23:23 IST

PM मोदी ने दिल्ली के LG को फोन लगाया, बाढ़ पर ली जानकारी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को विदेश से दिल्ली लौटने के तुरंत बाद उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना से बात की और राष्ट्रीय राजधानी में बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने में हुई प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारी बारिश के बाद दिल्ली के कई हिस्सों में पानी भर गया और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। हालांकि, नदी के जल स्तर में शनिवार को गिरावट देखी गई। एक अधिकारी ने कहा, “दिल्ली पहुंचने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपराज्यपाल से बात की और यमुना नदी के कारण राजधानी में पैदा हुई बाढ़ जैसी स्थिति और इससे निपटने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली।” प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस और यूएई की तीन दिन की यात्रा से लौटे हैं।
JUL 15, 2023 22:12 IST

दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बाढ़ के पीछे साजिश का लगाया आरोप

दिल्ली के जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना को पत्र लिखकर दिल्ली में हाल ही में आई बाढ़ से निपटने पर चिंता व्यक्त की। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों पर संकट के दौरान मंत्रियों द्वारा किए गए जरूरी ' फोन कॉल' और भेजे गए संदेशों को जानबूझकर नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। संभागीय आयुक्त अश्विनी कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने निर्वाचित प्रतिनिधियों द्वारा उन अधिकारियों को निशाना बनाने पर निराशा व्यक्त की जो शहर में बाढ़ की स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए ‘अथक’ प्रयास कर रहे हैं।संकट के दौरान प्रतिक्रिया और निर्णय लेने को लेकर मंत्रियों और अधिकारियों के बीच टकराव के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘अध्यादेश के कारण दिल्ली के लोग पीड़ित हैं।’’
JUL 15, 2023 21:48 IST

तीन घंटों में कितनी हुई बारिश? IMD ने बताया

मौसम विभाग की ओर से शनिवार रात जानकारी दी गई कि दिल्ली में पिछले तीन घंटे में लगभग 11 एमएम बारिश हुई है।
JUL 15, 2023 21:24 IST

दिल्ली-नोएडा बाढ़: एनडीआरएफ ने गायों और कुत्तों समेत एक करोड़ रुपये के एक सांड़ की जान बचायी

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने पिछले कुछ दिनो में दिल्ली और नोएडा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से गायों, कुत्तों, बकरियों, खरगोशों और एक करोड़ रुपये मूल्य के एक सांड़ समेत 900 से अधिक मवेशियों की जान बचायी है। बल ने शनिवार को यह जानकारी दी। बल के प्रवक्ता ने यहां बताया कि उसके बचावकर्मियों ने दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर 135 में ‘महत्वपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण बचाव’ कार्य किया जहां उन्होंने गायों, बछड़ों, बकरियों , कुत्तों, खरगोशों तथा प्रीतम नाम के ‘देश के नंबर एक सांड़’ समेत 221 पशुओं को बचाया। बल ने ट्वीट किया कि यह सांड़ एक करोड़ रुपये का है। एनडीआरएफ ने दिल्ली में 16 दलों को तैनात किया है। एनडीआरएफ प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बल के कर्मियों ने 1530 लोगों की जान बचायी तथा 912 मवेशियों के साथ 6,345 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। ये आंकड़े एनडीआरएफ के उन अभियानों से जुड़े हैं जो पिछले दो-तीन दिनों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में चलाये गये। यमुना नदी में उफान आ जाने से कई इलाके जलमग्न हो गये हैं।
JUL 15, 2023 21:24 IST

गाजियाबादः तेज बारिश के चलते जर्जर मकान गिरने से एक ही परिवार के सात लोग घायल

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की अंबेडकर कॉलोनी में तेज बारिश के चलते एक जर्जर मकान के गिरने से तीन महिलाओं समेत एक ही परिवार के सात लोग मलबे में दब गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि कॉलोनी के लोगों ने सभी को बचा लिया और उपचार के लिए दिल्‍ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया। लोनी थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राम सेवक ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात की है। उन्होंने बताया कि अनिल भगत एक मकान की पहली मंजिल पर रहते हैं जो जर्जर हालत में था और भारी बारिश का सामना नहीं कर सका। उन्होंने बताया कि इस कारण वह गिर गया, इस हादसे में परिवार के सात लोग घायल हो गये जिनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर है।
JUL 15, 2023 21:07 IST

बारिश ने यहां भी डाला ट्रैफिक पर असर

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट किया कि अपोलो, जसोला मेट्रो स्टेशन के सामने जलभराव के कारण बदरपुर से आश्रम की ओर जाने वाले मार्ग में मथुरा रोड पर यातायात प्रभावित है, जिससे सरिता विहार फ्लाईओवर के पास यातायात की गति धीमी हो गई है।
JUL 15, 2023 21:05 IST

कम हुआ यमुना का जलस्तर, मगर...

दिल्ली में उफान पर बह रही यमुना नदी में शनिवार सुबह जलस्तर घटना शुरू हुआ, पर यह कुछ सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से ही कम हो रहा है। नदी के तेज बहाव के कारण इंद्रप्रस्थ के पास क्षतिग्रस्त हुए जल रेगुलेटर (गति व्यवस्थापक) की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है और दिल्ली यातायात पुलिस ने शांतिवन से गीता कॉलोनी तक रिंग रोड के दोनों कैरिजवे पर कार, ऑटो-रिक्शा और अन्य हल्के वाहनों की आवाजाही की अनुमति दे दी है। यातायात पुलिस विभाग ने ट्वीट किया कि शांतिवन से राजघाट और आईएसबीटी की ओर जाने वाली सड़क अभी भी बंद है।उधर, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने यमुना पुल पर मेट्रो ट्रेन पर लगाया गया गति प्रतिबंध, नदी के जलस्तर में गिरावट आने के बाद हटा दिया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने बताया कि अगर भारी भारी बारिश नहीं हुई, तो हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे। वजीराबाद और चंद्रावल में जलशोधन संयंत्र रविवार तक फिर से काम करना शुरू कर देंगे।
JUL 15, 2023 21:03 IST

दिल्ली में जाम को लेकर पुलिस ने दिया यह अपडेट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से शनिवार शाम को जानकारी दी गई कि तिलक ब्रिज के नीचे जलभराव के कारण दिल्ली गेट से इंडिया गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात प्रभावित है। कृपया इस स्ट्रेच (रूट) से बचें।
JUL 15, 2023 19:53 IST

दिल्ली-एनसीआर में शाम को बारिश

दिल्ली के साथ एनसीआर में शनिवार शाम मौसम का मिजाज तब बदल गया, जब तेज बारिश हुई। इस दौरान आने-जाने वालों को थोड़ा असुविधा हुई और विभिन्न इलाकों में थोड़ा जाम भी लगा।
JUL 15, 2023 19:25 IST

बाढ़ का पानी कम होने पर दिल्ली में कई सड़कें यातायात के लिए खुलीं

यमुना की बाढ़ का पानी सड़कों से कम होने के बीच राष्ट्रीय राजधानी में यातायात के लिए बंद कई सड़कें शनिवार को खोल दी गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि, कुछ प्रमुख मार्ग अभी भी यातायात के लिए बंद हैं। शनिवार को यातायात पुलिस द्वारा जारी एक परामर्श के अनुसार, शनिवार सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर घटकर 207.67 मीटर रह गया, जिससे सड़कों पर जमा पानी कुछ कम हुआ है। इसमें कहा गया है कि सुबह 11 बजे तक कुछ सड़कों पर यातायात की आवाजाही पर प्रतिबंधों में राहत दी गई, जबकि कुछ सड़कें बंद रहीं।परामर्श में कहा गया है, ‘‘बुलेवार्ड रोड - सर्विस रोड, युधिष्ठिर सेतु के नीचे बायां मोड़ - रिंग रोड, चंदगी राम अखाड़ा से मुकरबा चौक और चंदगी राम अखाड़ा से आईपी कॉलेज तक दोनों मार्ग यातायात के लिए खोल दिए गए हैं।’’
JUL 15, 2023 18:33 IST

नोएडा बाढ़: फंसे लोगों की जा सकती थी जान, अवैध फार्महाउस से 500 श्रमिकों को बचाया गया

नोएडा में इस सप्ताह यमुना किनारे आई बाढ़ से प्रभावित हुए हजारों लोगों में सैकड़ों की संख्या में वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें नदी के पास निचले इलाकों में अवैध रूप से बने कई फार्महाउस में काम करने के लिए रखा गया था। अधिकारियों ने कहा कि चेतावनी के बाजवूद समय रहते इन लोगों को बाहर नहीं ले जाया गया और बाढ़ में फंसने के कारण उनके पास उपलब्ध भोजन-पानी तेजी से खत्म हो रहा था। ऐसे में फंसे हुए कई लोगों की जान जा सकती थी। सरकारी अधिकारियों ने कहा कि कई फार्महाउस के श्रमिकों और कर्मचारियों (हजारों की संख्या में) को समय पर सुरक्षित स्थान पर नहीं ले जाया गया, जबकि क्षेत्र के जलमग्न होने को लेकर काफी पहले परामर्श जारी कर दिया गया था। ये फार्महाउस सेक्टर 135 में नगली वाजिदपुर गांव के पास यमुना पुश्ता (तटबंध) के दूसरी तरफ स्थित हैं जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से लगभग दो किलोमीटर दूर हैं।
JUL 15, 2023 18:00 IST

दिल्ली में आई बाढ़ ‘आप' सरकार की ‘ निष्क्रियता और भ्रष्टाचार'का नतीजा : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में बाढ़ के लिए यहां की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की निष्क्रियता और भ्रष्टाचार जिम्मेदार है। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल स्थिति से निपटने में ‘असफल’ रहने के लिए जनता से माफी मांगे। संवाददाता सम्मेलन में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया और पार्टी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई क्योंकि केजरीवाल सरकार ने गत आठ साल में यमुना से गाद निकालने के लिए काम नहीं किया। भाटिया ने कहा, ‘‘आप और केजरीवाल अपने भ्रष्टाचार और निष्क्रियता से बचने के लिए बहाना बना रहे हैं। जिस तरह से उन्होंने कोविड-19 और प्रदूषण के दौरान केंद्र और अन्य राज्यों को जिम्मेदार ठहराया था उसी तरह अब वह दिल्ली में आई बाढ़ के लिए हरियाणा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।’’उन्होंने कहा कि केंद्र, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), दिल्ली के उप राज्यपाल और अन्य एजेंसियां लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं जबकि ‘आप’ नेता और केजरीवाल सरकार के मंत्री शहर में आई बाढ़ के लिए ‘साजिश’का आरोप लगा रहे हैं।’’
JUL 15, 2023 17:59 IST

छह मंत्रियों में बंटी बाढ़ प्रभावित छह जिलों में राहत व बचाव कार्यों की ज़िम्मेदारी

दिल्ली में बाढ़ प्रभावित छह जिलों में राहत और बचाव कार्यों की जिम्मेदारी छह मंत्रियों में बांटी गई। साउथ ईस्ट जिले की जिम्मेदारी कैलाश गहलोत को, ईस्ट की सौरभ भारद्वाज को, नॉर्थ ईस्ट की आतिशी को, नॉर्थ की राजकुमार आनंद को, सेंट्रल की इमरान हुसैन को और शाहदरा की ज़िम्मेदारी गोपाल राय को दी गई। ये सभी मंत्री सुनिश्चित करेंगे कि संबंधित जिले में बाढ़ प्रभावित लोगों को कोई दिक्कत न हो। साथ ही रिलीफ कैंप में खाने-पीने, बिजली और स्वास्थ्य संबंधी सभी सुविधा भी हो। बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत बचाव कार्यों में लगे संबंधित अधिकारी, इन प्रभारी मंत्रियों को रिपोर्ट करेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि सभी मंत्री अभी से काम पर लग जाएं।
JUL 15, 2023 16:25 IST

पानी-पानी राजधानी, कब हल होगी परेशानी? जानिए, दिल्ली के ताजा हालात

राजधानी दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में शनिवार (15 जुलाई, 2023) को भी विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। सिविल लाइंस इलाके से लेकर यमुना बाजार क्षेत्र में घुटनों तक पानी भरा नजर आया। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इन क्षेत्रों में भरे हुए पानी की वजह से संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
JUL 15, 2023 15:42 IST

पंजाब और हरियाणा में बाढ़ का पानी कम होना शुरू हुआ, राहत कार्य जारी

पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में अब बाढ़ का पानी कम होना शुरू हो गया है तथा दोनों राज्यों के प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।सप्ताह की शुरुआत में हुई मूसलाधार बारिश के कारण हरियाणा और पंजाब के कई इलाकों में बाढ़ का पानी आ गया था। अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल-जनित बीमारियों का खतरा है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ऐसे किसी भी प्रकोप को रोकने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं और लोगों को दवाएं वितरित की जा रही हैं। पंजाब और हरियाणा में बारिश तथा बाढ़ जनित घटनाओं में कम से कम 39 लोगों की मौत हो गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब में बारिश जनित घटनाओं में अब तक 19 लोगों की जान गई है जबकि हरियाणा में यह संख्या 20 है।
JUL 15, 2023 15:31 IST

मंत्री आतिशी ने दिया पानी की निकासी पर यह अपडेट

दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शनिवार को कहा है कि यमुना में जलस्तर घटने के साथ पीडब्ल्यूडी ने पानी की निकासी, सड़कों की सफाई और इन्हें यातायात के लिए खोलना शुरू कर दिया है।
JUL 15, 2023 14:11 IST

केजरीवाल पर अनिल विज ने साधा निशाना

हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि हमारे प्रदेश में भी तो कहीं और से ही पानी आया लेकिन हम तो दोषारोपण नहीं कर रहे हैं। हम अपने पानी के इंतजाम करने के प्रयास कर रहे हैं। केजरीवाल जी बहुत समझदार हैं, वो पानी का स्वभाव बदल दें। यमुना किनारे हमारे भी जितने गांव और शहर हैं, उनमें भी उतना ही पानी आया है। दिल्ली से पानी निकलने के बाद फिर से हरियाणा में पानी आता है। हम क्या जानबूझकर अपने जिलों में पानी छोड़ेंगे।
JUL 15, 2023 12:59 IST

कम हो रहा है बाढ़ का खतरा, युमना के जलस्तर में आई गिरावट

दिल्ली में बाढ़ का खतरा कम हो रहा है। आज दोपहर 12 बजे यमुना नदी का जलस्तर 207.38 मीटर दर्ज़ किया गया।
JUL 15, 2023 12:56 IST

दिल्ली को डूबाने में जितना योगदान अवैध कब्जों का है, उतना किसी और का नहीं है- हरियाणा कृषि मंत्री

हरियाणा के कृषि मंत्री जय प्रकाश दलाल ने कहा कि हमारे पास कोई बांध नहीं है तो जो पानी आता है वो दिल्ली, आगरा, इलाहाबाद से होते हुए आखिर में समुद्र में जाता है। इसे कौन मोड़ सकता है। अब ये(AAP) लोग बोल रहे हैं कि पानी को उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब की तरफ नहीं भेजा। आम आदमी पार्टी अपने कर्तव्यों से बचने की कोशिश करती है। दिल्ली को डूबाने में जितना योगदान अवैध कब्जों का है, उतना किसी और का नहीं है।