Weather Update: दिल्ली-NCR का मौसम लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप तो कभी आसमान में बादल छा रहे हैं। इस बीच दो दिनों से धूल भरी आंधी ने भी लोगों को परेशान किया है। हालांकि, अब दिल्लीवासियों को मौसम विभाग ने राहत भरी खबर सुनाई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में बुधवार रात तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश पड़ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गुरुवार को भी कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होगी, जिससे गर्मी से मामूली राहत मिलेगी।
मौसम का हाल
बता दें, दिल्ली-NCR में बुधवार सुबह बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, 10 बजते-बजते निकली तेज धूप ने पारा एक बार फिर ऊपर चढ़ा दिया। इस कारण तापमान 40 डिग्री से ऊपर चढ़कर 41.1 डिग्री पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, शाम को एक बार फिर से मौसम ने करवट ली और बादलों के साथ तेज हवाओं ने उमस से कुछ हद तक लोगों को राहत दी ।
अगले चार दिन दिल्ली में धूल भरी आंधी
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में धूल भरी आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान के धूल चक्रवात का असर दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में अगले तीन से चार दिन तक बना रहेगा। दिल्ली में गुरुवार को धूल भरी आंधी चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि 20 से 30 किलोमीटर प्रतिधंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। हालांकि, मौसम विभाग ने कहा है कि रविवार के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होगी। इस दौरा पारा 43 डिग्री तक पहुंच सकता है।इन इलाकों में हो सकती है बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी दिल्ली, हरियाणा के गोहाना, गन्नौर, सोनीपत और रोहतक, इसके अलावा बड़ौत, बागपत व अन्य कुल इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है।
