देश

IED ले जाने के लिए खरीदी गईं तीन कारें, अल फलाह यूनिवर्सिटी में मिली संदिग्ध 'ब्रेजा'; जांच में चौंकाने वाले खुलासे!

Delhi Blast: दिल्ली में शक्तिशाली विस्फोट के संदिग्धों से कथित तौर पर जुड़ी एक और कार बृहस्पतिवार को फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय में खड़ी मिली। सूत्रों ने बताया कि हरियाणा में पंजीकृत यह वाहन विश्वविद्यालय की पार्किंग में मिला। सूत्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद कई अन्य वाहनों की भी जांच की गई।

Image

अल फलह विश्वविद्यालय

Photo : Times Now Digital

Delhi Blast: दिल्ली में शक्तिशाली विस्फोट के संदिग्धों से कथित तौर पर जुड़ी एक और कार बृहस्पतिवार को फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय में खड़ी मिली। फरीदाबाद पुलिस ने कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर पुलिस धौज स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय में एक संदिग्ध (मारुति) ब्रिजा कार की जांच कर रही है।’’

सूत्रों ने बताया कि हरियाणा में पंजीकृत यह वाहन विश्वविद्यालय की पार्किंग में मिला। सूत्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में मौजूद कई अन्य वाहनों की भी जांच की जा रही है और उनके स्वामित्व के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सोमवार शाम को दिल्ली के लाल किले के पास एक सफेद हुंदै आई20 कार में विस्फोट होने के बाद, जांचकर्ताओं ने बुधवार को फरीदाबाद के खंडावली गांव में एक दूसरे वाहन (लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार) का पता लगाया, जिसका संबंध आतंकी मॉड्यूल से था।

बम निरोधक दस्ते ने की जांच

सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बुधवार शाम फरीदाबाद के खंडावली गांव से कार जब्त किए जाने के बाद बम निरोधक दस्ता निरीक्षण के लिए पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि फरीदाबाद पुलिस ने एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है जिसने कथिततौर पर गांव में कार खड़ी की थी और उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है।

इससे पहले दिल्ली पुलिस ने लाल फोर्ड इकोस्पोर्ट का पता लगाने के लिए सभी पुलिस थानों, पुलिस चौकियों और सीमा चौकियों पर अलर्ट जारी कर दिया था। जांच में यह खुलासा होने के बाद अलर्ट जारी किया गया कि संदिग्धों ने आईईडी ले जाने के लिए तीन कारें - एक सफेद हुंदै आई20, एक लाल इकोस्पोर्ट और एक मारुति सुजुकी ब्रिजा खरीदी थीं।

किसके नाम पर रजिस्टर है इकोस्पोर्ट

सूत्रों ने बताया कि फोर्ड इकोस्पोर्ट डॉ. उमर नबी के नाम पर पंजीकृत है, जो कथित तौर पर हुंदै आई20 कार चला था जिसमें विस्फोट हुआ।

उन्होंने बताया कि उमर ने लाल किला क्षेत्र की टोह लेने के लिए इकोस्पोर्ट का इस्तेमाल किया था। अधिकारियों ने सोमवार को जम्मू कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक ‘‘सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल’’ का भंडाफोड़ किया। उन्होंने 2,900 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ ज़ब्त किया और फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े तीन चिकित्सकों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया।

इसके कुछ घंटे बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन के भीड़भाड़ वाले इलाके में एक धीमी गति से चल रही कार में एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। बृहस्पतिवार को हुए डीएनए परीक्षण से पुष्टि हुई कि विस्फोट वाली कार डॉ. उमर ही चला रहा था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article