ओडिशा झारखंड सीमा के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में शुक्रवार की शाम नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक आइईडी विस्फोट हुआ। इस धमाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 60 बटालियन के इंस्पेक्टर केके मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना करीब शाम 4 बजे घटी।
सीआरपीएफ इंस्पेक्टर घायल हो गए (फोटो: Video Grab)
घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए आइईडी में धमाका हुआ। घायल इंस्पेक्टर केके मिश्रा को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए ओडिशा के राउरकेला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों ने उनकी स्थिति स्थिर बताई है। हालांकि, आवश्यकता पड़ने पर बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित अस्पताल में एयरलिफ्ट किया जा सकता है।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च ऑपरेशन जारी रखा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। विस्फोट के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है ताकि इलाके में छिपे अन्य विस्फोटकों की जांच की जा सके।
16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया
अभी 8 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सल उन्मूलन अभियान को एक और बड़ी सफलता मिली। सुरक्षाबलों के प्रयासों से 70 लाख के इनामी 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में 7 महिलाएं और कई शीर्ष नक्सली इकाइयों से जुड़े सदस्य शामिल हैं।
