RRTS Corridor: दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस गलियारे ने निर्माण के क्षेत्र में एक और मील के पत्थर को पार कर लिया है। दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन के ऊपर बनने वाले वायडक्ट के निर्माण का कार्य पूरा हो गया है। इस निर्माण को इस गलियारे का महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।
आरआरटीएस गलियारे के वायडक्ट का निर्माण पूरा
क्या होता है वायडक्ट
दिल्ली मेट्रो के ब्लू लाइन गलियारे के मौजूदा वायडक्ट को पार करने वाले दिल्ली-मेरठ आरआरटीएस गलियारे के वायाडक्ट के निर्माण के साथ ही एनसीआरटीसी ने एक नया मील का पत्थर हासिल कर लिया है। वायडक्ट एक स्थान को पार करने के लिए ऊंचाई वाला पुल होता है।
चलेगी सेमी हाईस्पीड ट्रेन
निर्माणाधीन रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) गलियारा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा रैपिडैक्स नाम की सेमी-हाई-स्पीड क्षेत्रीय रेल सेवा के लिए बनाया जा रहा है। एनसीआरटीसी केंद्र सरकार का एक संयुक्त उद्यम है जिसमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की सरकारें शामिल हैं।
कंपनी ने क्या कहा
एनसीआरटीसी ने एक बयान में कहा- "दिल्ली के प्रदूषण और भीड़भाड़ की समस्या के दीर्घकालिक रणनीतिक समाधान के तहत निर्मित, दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ आरआरटीएस गलियारे ने दिल्ली में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन लाइन के वायडक्ट को पार करने वाला आरआरटीएस गलियारे के वायडक्ट का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा हो गया है।"
कहां करता है क्रॉस
आरआरटीएस गलियारे का वायडक्ट न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास एक बिंदु पर, लगभग 20 मीटर की ऊंचाई पर दिल्ली मेट्रो गलियारे को पार करता है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा- "मौजूदा और पहले से ही चालू मेट्रो लाइन पर इतनी ऊंचाई पर सफलतापूर्वक निर्माण कार्य करना इंजीनियरिंग के दृष्टिकोण से एक बड़ी उपलब्धि है। सराय काले खां आरआरटीएस स्टेशन से न्यू अशोक आरआरटीएस स्टेशन की ओर बढ़ते हुए, आरआरटीएस गलियारे की एलिवेटेड लाइन दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन के वायडक्ट को पार कर रही है, जो हर दिन बड़ी संख्या में लोगों को सेवाएं प्रदान करती है।"
2025 तक पूरा गलियारा होगा चालू
इस स्टेशन से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वायडक्ट के इस हिस्से का निर्माण केवल रात के समय किया गया। एनसीआरटीसी का लक्ष्य 2025 तक पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ गलियारे को चालू करना है। इससे पहले, इस साल जल्द ही जनता के लिए 17 किलोमीटर लंबा प्राथमिकता वाला खंड चालू किया जाएगा। गलियारे का 17 किलोमीटर का प्राथमिकता वाला यह खंड साहिबाबाद और दुहाई डिपो के बीच है।
