नई दिल्ली: कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में बेनेट यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित पांचवें संविधान सप्ताह के उद्घाटन समारोह में The Times Group के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) एवं Bennett University के चांसलर विनीत जैन ने कहा कि भारत की प्रगति केवल तकनीकी विकास और संस्थागत मजबूती से तय नहीं होगी, बल्कि युवाओं में संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का सपना साकार करने में युवाओं और शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
विनीत जैन, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD), द टाइम्स ग्रुप और चांसलर, बेनेट यूनिवर्सिटी
इस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल तथा भारत के अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणी समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
संवैधानिक मूल्यों को समझना शिक्षा का अहम उद्देश्य- जैन
अपने संबोधन में विनीत जैन ने उपराष्ट्रपति की उपस्थिति को Bennett University के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय बताया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों की जिम्मेदारी केवल छात्रों को अकादमिक रूप से सक्षम बनाना नहीं है, बल्कि देश की संवैधानिक नींव को मजबूत करने वाले जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।उन्होंने कहा कि शिक्षा की वास्तविक सफलता केवल छात्रों की डिग्री और योग्यताओं से नहीं मापी जानी चाहिए। इसका आकलन इस बात से भी होना चाहिए कि वे किन संवैधानिक मूल्यों को अपनाते हैं और समाज के लिए कितना सकारात्मक योगदान देते हैं।
विनीत जैन ने बताई बेनेट यूनिवर्सिटी की सोच
विनीत जैन ने बताया कि वर्ष 2016 में Bennett University की स्थापना के समय इसका उद्देश्य केवल अकादमिक उत्कृष्टता हासिल करना नहीं था। विश्वविद्यालय की परिकल्पना ज्ञान, इनोवेशन, उद्योग जगत के साथ जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारी को एक साथ आगे बढ़ाने की थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास ऐसे विद्यार्थियों को तैयार करना है, जो सफल करियर बनाने के साथ समाज और देश के विकास में भी सार्थक योगदान दें। उन्होंने इस सोच को The Times Group की 188 वर्षों से अधिक पुरानी विरासत से भी जोड़ा, जिसने ज्ञान, पत्रकारिता और सार्वजनिक विमर्श को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
