Punjab Politics: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर जहां एक ओर विपक्षी दलों के गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंट इंक्लूजिव अलायंस (INDIA) में शामिल दल एकजुटता के दावे कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की आपसी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली में तो AAP के नेता ये तक दावे कर रहे हैं कि मोदी और बीजेपी कांग्रेस संग गठबंधन से डर गए हैं। लेकिन जब आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर पंजाब में ऑपरेशन लोटस की कोशिश का आरोप लगाया तो खुद कांग्रेस चुटकी लेने लगी।
ऑपरेशन लोटस के आरोपों पर कांग्रेस vs आम आदमी पार्टी।
'2022 से ऑपरेशन लोटस का रोना रो रही है AAP'
पंजाब में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा ने शुक्रवार को ऑपरेशन लोटस के बारे में उसके दावे सच साबित होने की बात कहते हुए भगवंत मान सरकार को कानूनी कार्रवाई करने की चुनौती दी है। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, 'आप सितंबर 2022 से ऑपरेशन लोटस का रोना रो रही है। उसने इस मुद्दे पर जांच कराने की भी बात कही। मुख्यमंत्री भगवंत मान को बताना चाहिए कि 18 महीने बाद भी जांच क्यों पूरी नहीं हुई है।'
ऑपरेशन लोटस के खिलाफ कार्रवाई न करने पर सवाल
बाजवा ने कहा कि भाजपा में शामिल हुए जालंधर (पश्चिम) के विधायक शीतल अंगुराल ने तब दावा किया था कि उन्हें भाजपा में शामिल होने के लिए 25 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। अब वह भाजपा में शामिल हो गए हैं। इसका मतलब है कि उन्होंने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है। बाजवा ने आगे कहा, 'पंजाब में आप सरकार अभी भी ऑपरेशन लोटस के खिलाफ कोई कार्रवाई शुरू नहीं कर रही है। यह जानते हुए भी कि पार्टी के भीतर क्या हो रहा है, आप कोई कार्रवाई करने में विफल रही है जो उसके आंतरिक उद्देश्यों की पुष्टि करता है।'
पंजाब में AAP विधायकों ने किया था ये बड़ा दावा
दो दिन पहले ही पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन विधायकों ने दावा किया कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के लिए पैसे देने की पेशकश की गई थी। आप विधायकों की ओर से यह दावा जालंधर से लोकसभा सदस्य सुशील कुमार रिंकू और एक विधायक के बुधवार को भाजपा में शामिल होने के बाद किया गया है। आप विधायकों ने कहा कि उन्हें फोन पर पैसे देने की बात कही गई है।
आप ने आरोप लगाया कि भाजपा ने पंजाब में फिर से ऑपरेशन लोटस शुरू कर दिया है और वह अरविंद केजरीवाल की पार्टी को तोड़ने की कोशिश कर रही है। भाजपा की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें, जालंधर से आप सांसद सुशील कुमार रिंकू और जालंधर पश्चिम के विधायक शीतल अंगुराल बुधवार को भाजपा में शामिल हो गए।
आप का दावा- 20 से 25 करोड़ रुपये का आया ऑफर
जलालाबाद से आप विधायक जगदीप कंबोज गोल्डी ने दावा किया कि उन्हें मंगलवार को एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से सेवक सिंह नामक व्यक्ति ने भाजपा में शामिल होने के प्रस्ताव के साथ फोन किया था। कंबोज ने कहा कि उन्होंने उनसे भाजपा में शामिल होने के लिए कहा और कहा कि हम 20-25 करोड़ रुपये दे देंगे। मैंने कहा कि मुझे इसकी जरूरत नहीं है। इसी तरह के दावे बल्लुआना से विधायक अमनदीप सिंह और लुधियाना दक्षिण विधायक राजिंदर पाल कौर छीना ने भी किए। लुधियाना दक्षिण से विधायक छीना ने भी दावा किया कि उन्हें सेवक सिंह नामक व्यक्ति का फोन आया था और यह कॉल एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से आई थी। बल्लुआना के विधायक अमनदीप सिंह ने कहा कि उन्हें मंगलवार को एक फोन आया था और फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह दिल्ली से बोल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, उन्होंने मुझसे भाजपा में शामिल होने के लिए कहा और 45 करोड़ रुपये की पेशकश की।
