Lok Sabha Elections: 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन के अंदर सीट शेयरिंग को लेकर उठापटक मची हुई है। अभी तक गठबंधन के नेता सीटों के बंटवारे का कोई फार्मूला नहीं तय कर पाए हैं। इसको लेकर जल्द ही बैठक की बात कही जा रही है। वहीं दूसरी तरफ विपक्षी गठबंधन वाले राज्यों में लोकसभा सीटों को लेकर खींचतान शुरू हो गई है।
उद्धव ठाकरे
सामने आया है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को लेकर महाराष्ट्र में अपने सहयोगी दल शिवसेना (यूबीटी) की 23 सीटों की मांग खारिज कर दी है। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब महाराष्ट्र विकास अघाड़ी गठबंधन के नेताओं के बीच बातचीत हुई। इस बैठक में उद्धव गुट वाले शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा के नेता मौजूद रहे।
23 सीटों पर किया था उद्धव गुट ने दावा
बता दें, उद्धव गुट वाली शिवसेना ने महाराष्ट्र की 48 में से 23 सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया था। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा था कि पार्टी हमेशा से 23 सीटों पर चुनाव लड़ती आ रही है। हालांकि, इस बाद परिस्थितियां अलग हैं और शिवसेना दो फाड़ हो चुकी है और अधिकांश नेता एकनाथ शिंदे गुट वाली शिवसेना के साथ हैं। इस बीच कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने कहा कि शिवसेना के उद्धव ठाकरे के गुट को एक महत्वपूर्ण चुनौती का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि पार्टी के विभाजन के कारण उसके पास पर्याप्त उम्मीदवारों की कमी है।
उद्धव गुट की मांग बहुत ज्यादा
पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण ने कहा कि पार्टियों के बीच समायोजन की जरूरत है। उन्होंने कहा, हर पार्टी सीटों की बड़ी हिस्सेदारी चाहती है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए शिवसेना की 23 सीटों की मांग अत्यधिक है। जानकारी के मुताबिक, गठबंधन की बैठक में कांग्रेस प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि शिवसेना और शरद पवार की राकांपा में विभाजन के बाद, कांग्रेस स्थिर वोट शेयर वाली एकमात्र पार्टी है। बता दें, पिछले हफ्ते, शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने कहा था कि उन्होंने पार्टी नेताओं उद्धव ठाकरे और आदित्य ठाकरे के साथ, हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ-साथ एआईसीसी महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ बातचीत की थी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
