देशभर में दीपावली (Diwali) का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर राजनीतिक गलियारों में भी त्योहार की रौनक देखने को मिल रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी, रणदीप सिंह सुरजेवाला और शशि थरूर समेत कई नेताओं ने देशवासियों को दीपावली की बधाई दी है। सभी नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
राहुल गांधी समेत कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने पूरे देशवासियों को दी दिवाली की शुभकामनाएं (X/@RahulGandhi)
राहुल गांधी ने दी दीपावली की शुभकामनाएं
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने दीपावली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर घर में खुशियों और समृद्धि के दीप जलें। उन्होंने कामना की कि रोशनी का यह पावन पर्व पूरे देश में सुख, शांति, सौहार्द और नई उम्मीदों का उजाला लेकर आए।
मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेम और भाईचारे का दिया संदेश
कांग्रेस (Congress) अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी और पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से देशवासियों को दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीपों का यह त्योहार हर घर-आंगन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। खरगे ने अपने एक्स पोस्ट में प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द पर भी जोर दिया। उन्होंने कामना की कि समाज से अन्याय, अज्ञान और भेदभाव का अंधेरा दूर हो और न्याय, समानता तथा सद्भाव की रोशनी हर व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने हर मन में आशा का दीप जलने और हर जीवन में खुशियों का सवेरा आने की कामना की।
प्रियंका गांधी ने मां लक्ष्मी और गणेश जी से की प्रार्थना
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्री गणेश और मां लक्ष्मी से प्रार्थना की कि सभी लोगों का जीवन खुशियों से भर जाए। साथ ही हर घर में सुख, समृद्धि और रोशनी का संचार हो।
सुरजेवाला, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और शशी थरूर ने भी दी बधाई
कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने दीपावली को प्रकाश, उमंग और खुशियों का पर्व बताते हुए सभी को बधाई दी। उन्होंने कामना की कि यह त्योहार लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छी सेहत लेकर आए। उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की कृपा से हर घर में खुशहाली आने की प्रार्थना भी की। वहीं, शशि थरूर, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल समेत कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी दीपावली के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
