NEET Paper Leak: लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की।
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)
राहुल ने की धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ''22 लाख नीट छात्रों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी इस पर एक शब्द तक नहीं बोल रहे हैं।'' उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी या तो धर्मेंद्र प्रधान को पद से तत्काल हटाएं, नहीं तो इसकी जिम्मेदारी खुद लीजिए। उन्होंने कहा, ''मोदी जी, अब धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत बर्खास्त कीजिए।''
मोदी सरकार पर बरसे राहुल गांधी
राहुल गांधी ने वीडियो में कहा, ''NEET में दो साल तक 22 लाख छात्रों ने दिन-रात मेहनत की और उनकी मेहनत बर्बाद हो गई। पूरा देश जानता है कि एग्जाम से दो दिन पहले वॉट्सएप पर नीट का पेपर बांटा जा रहा था। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जी कहते हैं कि मेरा कोई लेना देना नहीं है।'' उन्होंने आगे कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि उनका इससे कोई लेना-देना नहीं है और उन्होंने कमेटी की सिफारिशों को सिर्फ इसलिए कूड़ेदान में फेंक दिया, क्योंकि उसमें विपक्ष के लोग बैठे थे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि हिंदुस्तान के कोर (केंद्र) को नुकसान पहुंचाया गया है और यह आरएसएस, भाजपा तथा विश्वविद्यालयों में नियुक्त किए गए उनके लोगों (कुलपतियों और प्रोफेसरों) के बीच पैसे बनाने का एक नेक्सेस है। इस नेक्सेस ने देश की शिक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा, ''पूरा देख जानता है कि कुलपति बनने के लिए विषय के ज्ञान या अनुभव की आवश्यकता नहीं है; यदि आप विचारधारा आरएसएस की है तो आप कुलपति बन सकते हैं, अन्यथा नहीं।'' इसी वजह से देश में 80 बार पेपर लीक हुआ है और 2 करोड़ युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ है।
