Milind Deora Resigns From Congress: आगामी लोकसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मुंबई के दिग्गज नेताओं में शुमार मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए ये जानकारी साझा की है। यूपीए-2 के कार्यकाल में मिलिंद देवड़ा कुछ समय के लिए केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। माना जा रहा है कि वो अब किसी दूसरे सियासी दल का हाथ पकड़ सकते हैं।
मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा।
मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस को दिया बड़ा झटका
कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने X पर किए पोस्ट में लिखा कि 'आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों से उनके अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।'
एकनाथ शिंदे की शिवसेना में हो सकते हैं शामिल
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज ही मणिपुर से भारत जोड़ा न्याय यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। इस यात्रा की शुरुआत के पहले ही दिन पार्टी को मुंबई में बड़ा झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार हुआ करते थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि देवड़ा अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियों के नेता पीछा छुड़ाने की कोशिश में जुट गए हैं। ऐसे में मिलिंड देवड़ा के इस फैसले का कांग्रेस पर कितना असर पड़ेगा, ये आने वाला वक्त ही बताएगा।
