Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान शनिवार को भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जमीन पर जा गिरे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें भीड़ से बचाते हुए बाहर निकाला। इस दौरान कांग्रेस नेता गुस्से में भी दिखे।
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जमीन पर गिर पड़े दिग्विजय सिंह
दरअसल शनिवार को चौथे दिन जब मध्यप्रदेश के ओमकारेश्वर से इंदौर की ओर निकली तो कांग्रेस समर्थकों का भारी हुजूम राहुल गांधी के साथ दिखा। कुछ किलोमीटर चलने के बाद राहुल गांधी चोर बावड़ी के पास अचानक चाय के लिए रुक गए। राहुल गांधी यात्रा के दौरान अक्सर ऐसा करते रहे हैं। इसी चाय ब्रेक के दौरान समर्थकों की भीड़ उत्साहित हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी धक्का-मुक्की के शिकार मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह हो गए और जमीन पर गिर पड़े। जिसके बाद उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें वहां से उठाकर, सुरक्षित निकाला।
दिग्विजय सिंह के जमीन पर गिरने का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें कुछ लोग उन्हें उठाते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस प्रकरण से दिग्विजय सिंह खासे नाराज भी हुए। हालांकि उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है। वो मार्च के साथ ही चल रहे हैं।
बता दें कि मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को बहन प्रियंका का साथ भी मिला था। प्रियंका गांधी, अपने पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटे के साथ इस यात्रा में शामिल हुई थी। गुरुवार और शुक्रवार को उन्होंने यात्रा में भाग लिया। उसके बाद फिर वो दिल्ली लौट आई।
