भारतीय कोस्ट गार्ड ने भारतीय सीमा में अवैध रूप से दाखिल हुई एक पाकिस्तानी नाव को जब्त कर लिया। इस नाव में चालक दल के नौ सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने बताया कि कोस्ट गार्ड ने भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में एक पाकिस्तानी नाव को जब्त किया है। उन्होंने बताया कि नाव को पोरबंदर लाया जा रहा है।
कोस्ट गार्ड ने पाकिस्तान नाव की जब्त (फोटो साभार: @IndiaCoastGuard)
क्या है पूरा मामला?
गुजरात के रक्षा प्रवक्ता विंग कमांडर अभिषेक कुमार तिवारी ने एक पोस्ट में कहा, ''एक तेज़ और सटीक रात के ऑपरेशन में, अरब सागर में गश्त कर रहे एक भारतीय कोस्ट गार्ड जहाज़ ने 14 जनवरी, 2026 को काल्पनिक इंटरनेशनल मैरीटाइम बाउंड्री लाइन के पास भारतीय जलक्षेत्र में एक पाकिस्तानी मछली पकड़ने वाली नाव को देखा।''
उन्होंने कहा कि चुनौती दिए जाने पर नाव ने पाकिस्तानी क्षेत्र की ओर भागने की कोशिश की। हालांकि, ICG जहाज़ ने भारतीय जलक्षेत्र में नाव को रोक लिया और उस पर चढ़ गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान नाव का नाम अल-मदीना बताया जा रहा है जिस पर चालक दल के 9 सदस्य सवार थे।
पोस्ट में कहा गया कि नाव को एक ICG जहाज़ द्वारा पोरबंदर ले जाया जा रहा है ताकि संबंधित एजेंसियों द्वारा चालक सदस्यों की पूरी तरह से तलाशी और संयुक्त पूछताछ की जा सके। बयान में आगे कहा गया कि यह ऑपरेशन देश के समुद्री क्षेत्र में लगातार निगरानी और कानून प्रवर्तन के माध्यम से भारत की समुद्री सीमाओं को सुरक्षित करने के लिए ICG की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
