यूपी में जमीन पर कब्जा करने वालों की खैर नहीं! भू-माफियाओं को लेकर CM योगी ने अधिकारियों को क्या दिए सख्त निर्देश?

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को जबरन बेदखल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने करीब 150 लोगों की शिकायतें सुनीं और पारिवारिक जमीन विवाद बातचीत से सुलझाने के साथ जरूरतमंदों को इलाज के लिए आर्थिक मदद देने का भरोसा दिलाया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जमीन पर अवैध कब्जा करने और कमजोर लोगों को जबरन बेदखल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे मामलों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने रविवार को गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान ये निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने करीब 150 लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं का जल्द और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने का निर्देश दिया।

yogi adityanath

किसी की जमीन पर जबरन कब्जा किया तो खैर नहीं, CM योगी ने अधिकारियों को चेताया। PTI

जमीन कब्जाने वालों पर होगी कार्रवाई

गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात की। इस दौरान जमीन पर अवैध कब्जे से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।

इन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को मामलों की जांच करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पारिवारिक जमीन विवाद बातचीत से सुलझाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने जमीन को लेकर परिवारों के बीच चल रहे विवादों के समाधान पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों को बातचीत के जरिए सुलझाया जाए और सभी पक्षों को उनका उचित हिस्सा दिलाने के लिए निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की जाए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने पहुंचे लोग

जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज से जुड़े खर्च का अनुमान (एस्टीमेट) जल्द तैयार कराया जाए और बिना देरी किए शासन को भेजा जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

End Article
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor ...

End of Feed