भारत और नेपाल के रिश्ते सदियों पुराने हैं। अभी नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह भारत दौरे पर आए हुए हैं और इस अवसर पर अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक रेल सेवा की शुरुआत हो रही है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अपनी बात रखी। बता दें कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह और पीएम नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारत-नेपाल के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया।
सीएम योगी बोले भारत-नेपाल के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए आसानी से अयोध्या आ सकेंगे। इस रेल सेवा से भारतीय श्रद्धालुओं को भी फायदा होगा और वह जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने याद दिलाया कि भारत और नेपाल का रिश्ता पौराणिक काल, हजारों वर्षों पुराना है। उन्होंने कहा, दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का रिश्ता है। इस दौरान उन्होंने दो तीर्थों को भारतीय रेल की इस सेवा के साथ जोड़ने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों देशों के धार्मिक स्थलों को जोड़ने वाली इस ट्रेन सेवा के उद्घाटन के अवसर पर कहा कि अयोध्या और जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में दो संस्कृतियों का पावन मिलन पुनर्जीवित हो रहा है।
उन्होंने कहा, सरयू-कमला एक्सप्रेस से दोनों देशों के बीच पीपल-टू-पीपल कनेक्ट और आपसी विश्वास मजबूत होगा। बता दें कि यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 अहम स्टेशनों पर रुकेगी। धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल व्यवसाय, स्थानीय शिल्प और परिवहन के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सीएम योगी ने कहा, मिथिला पेंटिंग बनाने वाली महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में भी यह ट्रेन सेवा मददगार होगी। अपने संबोधन में उन्होंने भारत-नेपाल सीमा पर सड़क, रेल, लैंड पोर्ट और इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट सहित इंफ्रास्ट्रक्चर विकास का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा, रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट, दोनों का केंद्र उत्तर प्रदेश है और दोनों का विस्तार नेपाल तक है।
