Saurav Das Submits Address Proof: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास (Saurav Das) ने जंतर-मंतर विरोध प्रदर्शन और पीस बॉन्ड उल्लंघन मामले से जुड़ी सुनवाई के दौरान विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में अपने दिल्ली के आवासीय पते से जुड़े दस्तावेज जमा कर दिए हैं। हालांकि, दस्तावेज सौंपते हुए उन्होंने दिल्ली पुलिस के सामने एक शर्त रखी है।
सौरव दास ने जमा किया एड्रेस प्रूफ
अदालत में क्या बोले सौरभ दास?
अदालत की कार्यवाही के बाद मीडिया और सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए सौरभ दास ने दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर जमकर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, यह हैरान करने वाली बात है कि एक लाख से ज्यादा कर्मियों वाली दिल्ली की पुलिस फोर्स यह पता नहीं लगा पायी कि सौरभ दास दिल्ली में कहां रहते हैं। हम आज इसी मकसद से अदालत आए थे और मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरे दिल्ली के पते का सत्यापन हो गया है।
दस्तावेजों को लेकर रखी कड़ी शर्त
सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि उन्होंने अदालत के समक्ष निवास प्रमाण से जुड़े दस्तावेज इस स्पष्ट शर्त पर जमा किए हैं कि दिल्ली पुलिस इन्हें लीक नहीं करेगी और इनका इस्तेमाल सिर्फ पते के सत्यापन के लिए ही किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी उनके पते और निजी जानकारियां लीक की गईं, जिसके बाद ट्रोल्स और यूट्यूबर्स उनके घर तक पहुंच गए और उनकी तस्वीरें वायरल की गईं। मजिस्ट्रेट ने उनकी इस शर्त को स्वीकार करते हुए निर्देश दिया कि इन दस्तावेजों का उपयोग सिर्फ सत्यापन के लिए ही किया जाए।
क्या है पूरा मामला?
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन और गिरफ्तारी: पिछले महीने जंतर-मंतर के प्रतिबंधित और गैर-अधिसूचित क्षेत्र में लोहे के गेट फांदकर प्रवेश करने के बाद CJP के नेताओं (सौरभ दास और आशुतोष रंका) को हिरासत में लिया गया था। शांति बनाए रखने के बॉन्ड का उल्लंघन करने के आरोप में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दलील दी थी कि सौरभ दास की तरफ से दिल्ली में निवास का कोई पुख्ता रेंट एग्रीमेंट या लीज डॉक्यूमेंट पेश नहीं किया गया है, जिसके बाद अदालत ने उन्हें अपने पते का कानूनी सबूत पेश करने का निर्देश दिया था। अब दस्तावेज जमा होने के बाद पते का सत्यापन पूरा कर लिया गया है।
