20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी के नीट पेपर लीक पर संसद मार्च के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई 21 वर्षीय छात्रा के स्वास्थ्य को लेकर एक राहत भरी खबर सामने आई है। नई दिल्ली स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल द्वारा जारी नवीनतम हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, मरीज की स्थिति में काफी उत्साहजनक सुधार देखा गया है और अब उसे वेंटिलेटर से हटा लिया गया है।
कैसी है आरएमएल में भर्ती छात्रा (फाइल फोटो- ANI)
होश में हैं छात्रा
आरएमएल अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने बताया कि छात्रा अब बिना किसी मेडिकल सपोर्ट के खुद से सांस ले रही है। छात्रा के मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी की एमआरआई रिपोर्ट पूरी तरह से सामान्य आई है, जो डॉक्टरों के लिए एक बड़ी राहत की बात है। छात्रा अब पूरी तरह से होश में है और डॉक्टरों के निर्देशों व बातचीत पर उचित प्रतिक्रिया दे रही है। इलाज शुरू होने के बाद से ही उसकी स्थिति में लगातार और स्थिर सुधार देखा जा रहा है।
अस्पताल में चल रहा है इलाज
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस घटना के संबंध में वर्तमान में केवल यही एक मरीज RML अस्पताल में भर्ती है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की देखरेख में उसे व्यापक चिकित्सा देखभाल और निरंतर निगरानी प्रदान की जा रही है।
दिल्ली की रहने वाली है छात्रा
बता दें कि भर्ती घायल छात्रा की पहचान साक्षी के रूप में हुई है, जिसकी उम्र 20 साल है। साक्षी दिल्ली के शिव विहार की रहने वाली है और कंप्यूटर कोर्स कर रही है। साक्षी संसद मार्च में हिस्सा लेने आई थी, जहां मची भगदड़ में वो गंभीर रूप से घायल हो गई थी। पुलिस का कहना है कि भगदड़ जैसी स्थिति के कारण वो गिरी और घायल हुई। छात्रा से मिलने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और जेपी नड्डा मंगलवार को पहुंचे थे।
